- शानू बादशाह मर्डर में तीसरे आरोपी कालू उर्फ कार्लोस ने भी किया कोर्ट में सरेंडर

- बिल्डर फिरोज भैयाजी ने कराया सरेंडर का इंतजाम, एक दर्जन लोगों के बीच में छिपता पहुंचा कोर्ट

KANPUR: शानू बादशाह मर्डर केस में तीसरे आरोपी कालू उर्फ कार्लोस ने भी शनिवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पूर्व नियोजित तरीके से उसके सरेंडर का पूरा इंतजाम था। पुलिस को इसकी भनक भी थी, लेकिन वह कुछ नहीं कर सकी। एक दर्जन लोगों के घेरे में कार्लोस कोर्ट में पेश हुआ तो सब भौचक्के रह गए। हालांकि उसने पहले ही कोर्ट में सरेंडर एप्लीकेशन लगा रखी थी।

सब कुछ प्री प्लांड था

शानू बादशाह का मर्डर और उसके बाद आरोपियों का सरेंडर इसके पीछे पूरी प्लानिंग थी या फिर पुलिस ने जान बूझ कर कुछ नहीं किया। मर्डर के आरोपी सबलू, शानू कंटर और अब कालू उर्फ कार्लोस का जिस तरीके से सरेंडर हुआ, उससे साफ जाहिर है कि हर चीज का पहले से ही इंतजाम कर लिया गया था। यह सब हुआ बिल्डर फिरोज भैयाजी और क्राइम ब्रंाच के सिपाही की मिलीभगत से, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम और पुलिस को मैनेज किया और उसके बाद पहले कंटर फिर सबलू और अब कार्लोस को सरेंडर करा दिया। इनके लिए जेल में भी सारी व्यवस्था की गई है। हालांकि इस केस में आरोपियों के खिलाफ पुलिस को ज्यादा कुछ हाथ नहीं लगा है, क्योंकि शानू बादशाह के मर्डर में तमंचे और पिस्टल दोनों का प्रयोग हुआ था। पुलिस ने तमंचा तो बरामद कर लिया है, लेकिन पिस्टल का अभी भी कोई अता पता नहीं है।

बादशाह मेरा दोस्त था

कोर्ट से निकलते हुए कार्लोस का कहना था कि शानू बादशाह से उसकी कोई दुश्मनी नहीं थी। वह उसका दोस्त था। जो विवाद हुआ था वह मस्जिद में बैठ कर सुलझा लिया गया था। उसे जानबूझ कर इस मामले में फंसाया जा रहा है जबकि हत्या वाले दिन वह घर पर था।

Posted By: Inextlive