-देवी देवताओं की झांकियां रहीं आकर्षण का केन्द्र, देखने को उमड़ी भीड़

-बड़ी संख्या में उत्साह के साथ शामिल हुए यदुवंशी

VARANASI

गोवर्धन पूजा के अवसर पर यदुवंशियों ने बीते सोमवार को शोभायात्रा निकाली। श्री कृष्ण यादव महासभा व गोवर्धन पूजा समिति की ओर से निकाली गयी शोभायात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े। देवी देवताओं की आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केन्द्र रहीं। यात्रा मार्ग पर दोनों ओर झांकियों के दर्शन के लिए लोगों का रेला उमड़ पड़ा।

लट्ठ कौशल का किया प्रदर्शन

गोवर्धनपूजा समिति की ओर से निकली शोभायात्रा हथुआ मार्केट से शुरु हुई जो चेतगंज, लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन, विशेश्वरगंज, मछोदरी, प्रहलादघाट होते हुए खिड़किया घाट पर पहुंचकर समाप्त हुई। शेभायात्रा को पीएससी सेनानायक बलिकरण यादव ने परंपरागत तरीके से रवाना किया। शोभायात्रा में केसरिया पगड़ी बांधे हुए यादव बंधु शामिल हुए। पौराणिक मान्यता के अनुसार देवराज इंद्र केअन्याय और प्रकोप से मानवता को बचाने के लिए भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी ऊंगली पर उठाया था। सड़कों पर उतरे यदुवंशियों ने भी शोभायात्रा से यह संदेश दिया कि मानवता और समाज की रक्षा के लिए वह हमेशा तत्पर हैं। आयोजन में गोपाल यादव, जितेंद्र यादव, पन्नालाल यादव, अरविंद यादव, राजू यादव, दिनेश यादव, श्रीप्रकाश यादव आदि शामिल हुए। इसी क्रम में श्री कृष्ण यादव महासभा की ओर से लहुराबीर आजाद पार्क से भी शोभयात्रा निकाली गयी। जिसमें बड़ी संख्या में यदुवंशी शोभायात्रा में शामिल हुए।

विशिष्टजनों का हुआ सम्मान

खिड़किया घाट पर सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर चीफ गेस्ट आजमगढ़ के पूर्व सांसद रमाकांत यादव शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले लोगों को गोवर्धनश्री से नवाजा। सम्मानित होने वालों में आईपीएस बलीकरण यादव, राजेश यादव व बृजेश यादव (सोशल वर्क), अंशु शरण यादव एजुकेशन, प्रदीप यादव स्पो‌र्ट्स, अशोक यादव बिजनेस के नाम शामिल रहे। प्रो चौथीराम यादव को स्वर्गीय अलखनाथ सामाजिक प्रतीक सम्मान से नवाजा गया। इस अवसर पर गोवर्धनधारी श्रीकृष्ण स्मारिका का विमोचन भी किया गया। अध्यक्षता विनोद यादव ने व संचालन जयप्रकाश यादव ने की। स्वागत पूर्व विधायक रजित प्रसाद यादव ने किया।

Posted By: Inextlive