-खरना आज, गुरुवार को अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा अ‌र्घ्य

रांची : मंगलवार को नहाय -खाय के साथ पवित्र पर्व चैती छठ शुरू हो गया। बुधवार को खरना होगा तथा गुरुवार को अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अ‌र्घ्य दिया जाएगा। शहर में सैकड़ों की संख्या में छठ व्रती चैती छठ करते हैं। भगवान भास्कर की उपासना का चार दिवसीय पर्व चैती छठ नहाय खाय के साथ शुरू हुआ। व्रतियों ने घरों की साफ-सफाई के बाद स्नान कर पूजा-अर्चना की। तत्पश्चात विशेष रूप से बना भोजन ग्रहण कर नहाय-खाय की विधि पूरी की। इस मौके पर घरों में उत्साह व उमंग का माहौल देखा गया। बुधवार को खरना के बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास रखेंगे। इधर छठ को लेकर शहर के बाजारों में काफी चहल-पहल रही। बाजारों में लोग पूजन सामग्री की खरीदारी करते दिखे।

कद्दू-भात का सेवन

चार दिवसीय अनुष्ठान के पहले दिन नहाय खाय को लेकर व्रतियों में श्रद्धा व उत्साह देखा गया। व्रतियों ने नहाय खाय चावल व कद्दू की सब्जी का सेवन किया। साथ ही गेहूं धोकर इसे धूप में सुखाने के बाद पिसाई की गई। इसी आटा का पकवान बनाकर भगवान भास्कर को अर्पित करेंगे। इस चार दिवसीय अनुष्ठान को लेकर बाजार में चहल-पहल रही। पूजा में काम आने वाले सूप, कोनिया व चूल्हा के अलावा नारियल, केला व अन्य फलों की बिक्री हुई। इस महापर्व की पूजा पूरी निष्ठा व श्रद्धा से की जाती है मान्यता है कि पूरी निष्ठा के साथ इस पर्व के मनाने से स्वास्थ्य, संपदा व संतान की प्राप्ति होती है।

Posted By: Inextlive