पूर्व विधायक की बहू की सुसाइड पर उबले परिजन

PRAYAGRAJ: पूर्व विधायक स्व। रंग बहादुर पटेल की बहू प्रियंका की मौत से नाराज परिजनों ने गुरुवार को तेलियरगंज चौराहे पर बॉडी रखकर चक्काजाम किया। एक घंटे तक भीषण गर्मी में जाम से परेशान राहगीरों की कराह सुनकर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जैसे-तैसे लोगों को मनाया। परिजन घटना की आरोपी जेठानी कल्पना की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। जबकि प्रियंकाके राग और जेठ विकास पटेल को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। सभी के खिलाफ परिजनों ने दहेज के लिए बेटी को परेशान करने का आरोप लगाया है। जिसके चलते उसने बुधवार को फांसी लगाकर जान दे दी।

अचानक शुरू हो गया चक्काजाम

गुरुवार को शव के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों की नाराजगी चरम पर पहुंच गई। रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि होने के बाद परिजनों ने बॉडी को तेलियरगंज चौराहे पर रखकर चक्काजाम कर दिया। उनका कहना था कि पुलिस मामले की आरोपी प्रियंका की जेठानी कल्पना को गिरफ्तार क्यों नही कर रही है। एक घंटे तक चौराहे पर जाम लगा होने से लखनऊ हाइवे का ट्रैफिक फंस गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह परिजनों को मनाया। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी जेठानी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Posted By: Inextlive