- दो सौ मीटर चलकर खराब हुई मर्सिडीज की हाईटेक बस

- एसयूवी से निकले सीएम, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

- परिवार हुआ एकजुट, मुलायम और शिवपाल रहे मौजूद

LUCKNOW: मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बहुप्रतीक्षित विकास रथयात्रा का गुरुवार को शानदार तरीके से आगाज तो हुआ लेकिन हाईटेक मर्सिडीज बेंज बस को मॉडीफाई कर बनाया गया रथ महज दो सौ मीटर चलकर थम गया। करीब आधे घंटे तक बस ठीक नहीं हुई तो मुख्यमंत्री ने एसयूवी पर बैठकर आगे की यात्रा शुरू की। ला-मार्ट ग्राउंड से लेकर बंथरा तक मुख्यमंत्री की यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ। घंटों तक इंतजार कर रहे अखिलेश समर्थक अपनी जगह से नहीं हिले। कार्यकर्ताओं का जोश देख मुख्यमंत्री के चेहरे पर भी मुस्कान बिखर गयी हालांकि उन्हें संबोधित न कर पाने की कसक भी साफ दिख रही थी।

कार्यक्रम में जुटा पूरा कुनबा

सुबह नौ बजे शुरू होने वाला रथयात्रा का कार्यक्रम करीब एक घंटे देर से शुरू हुआ। ला-मार्ट ग्राउंड पर सुबह से कार्यकर्ताओं का हुजूम जुटना शुरू हो गया था। मंच पर तमाम मंत्री और विधायक मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव का इंतजार कर रहे थे। लोहिया पथ से लेकर आसपास के इलाकों में रथयात्रा में शामिल होने वाली गाडि़यों की कतारें लगी थी। करीब दस बजे मुख्यमंत्री अपने बच्चों के साथ कार्यक्रम स्थल पर आए। कुछ देर बाद मुलायम और शिवपाल के आते ही वहां का नजारा बदल गया। कार्यकर्ताओं का हुजूम पूरे जोश से नारेबाजी करने लगा। पार्टी उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव, विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, काबीना मंत्री अहमद हसन के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। तत्पश्चात मुलायम ने रथ को हरी झंडी दिखाई और रथ काफिले के साथ लामार्ट ग्राउंड से रवाना हुआ।

लोहिया द्वार पर बिगड़ा रथ

लोहिया पथ पर बने नये लोहिया द्वार को पार करते ही रथ की रफ्तार थम गयी। तमाम कोशिशों के बाद भी रथ स्टार्ट नहीं हुआ तो आसपास मौजूद नेताओं और अधिकारियों के माथे पर पसीना आने लगा। कालिदास मार्ग स्थित चौराहे पर जाम लगने लगा तो एडीजी एलओ दलजीत सिंह चौधरी को खुद आकर मोर्चा संभालना पड़ा। करीब आधे घंटे तक रथ ठीक नहीं होने पर मुख्यमंत्री पीछे चल रही एसयूवी पर सवार हो गये। गाड़ी में बनी रूफ विंडो को खोलकर उन्होंने शहीद पथ तक का सफर पूरा किया। इस दौरान रास्ते भर सपा कार्यकर्ताओं का हुजूम उनके साथ पैदल दौड़ रहा था।

रथ से ही करना था संबोधित

रथ में लगाई गयी खास हाईड्रोलिक लिफ्ट से ही मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करना था। 1090 चौराहा, सीएमएस चौराहा, पत्रकारपुरम, हुसडि़या चौराहा, एयरपोर्ट तिराहा जैसी तमाम जगहों पर लोगों का हुजूम रथ का इंतजार कर रहा था। मुख्यमंत्री इन रास्तों से हाथ हिलाते हुए गुजरे लेकिन कहीं भी सरकार द्वारा किये गये विकास कार्यो के बारे में लोगों को बता नहीं सके। बावजूद इसके मुख्यमंत्री और सपा कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हुआ और उनका काफिला अपनी ताकत बढ़ाते हुए उन्नाव की ओर बढ़ चला।

Posted By: Inextlive