RANCHI: मुख्य सचिव सजल चक्रवर्ती को पद से हटा कर उनकी जगह राजीव गौबा को झारखंड का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। राज्य सरकार ने मंगलवार को यह आदेश जारी किया। राज्य की विधि व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री राज्य भर के अधिकारियों के साथ समीक्षा मीटिंग कर रहे थे, जिसमें अधिकारियों के रवैये से उनकी नाराजगी को लेकर माना जा रहा था कि मुख्य सचिव का हटना तय है। इस मीटिंग की समाप्ति के बाद ही मुख्य सचिव को हटाने की घोषणा कर दी गई। नए मुख्य सचिव राजीव गौबा झारखंड कैडर के ही आइएएस अधिकारी हैं, जो केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर केन्द्र में तैनात थे।

कुलकर्णी ने लिया राज्यपाल के प्रधान सचिव का प्रभार

आइएएस अधिकारी नितिन मदन कुलकर्णी ने मंगलवार को राज्यपाल के प्रधान सचिव का पदभार ग्रहण कर लिया। इसके बाद उन्होंने राजभवन में राज्यपाल डॉ। सैयद अहमद से शिष्टाचार मुलाकात की। फिर, नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक में शामिल हुए। कृषि सचिव श्री कुलकर्णी को राज्यपाल के प्रधान सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

बीएसआइडीसी के 126 कर्मियों को मिलेगा तीन महीने का वेतन

बिहार राज्य औद्योगिक विकास निगम (बीएसआइडीसी) के 126 कर्मियों को तीन महीने का बकाया वेतन मिलेगा। न्यायमूर्ति डीएन पटेल और न्यायमूर्ति पी पटनायक की खंडपीठ में मंगलवार को सुनवाई हुई। इसमें कर्मियों की ओर से याचिका दायर कर अदालत से कहा गया था कि लोक अदालत के दौरान इन सभी के बकाये वेतन का भुगतान इस कारण नहीं हो सका था, कि इनके बैंक खाते के विवरण में कुछ कमियां थीं। अब सभी की ओर से सही सूची पूरे विवरण के साथ अदालत को दे दी गई है। अदालत ने निगम के अधिवक्ता आनंद सेन की सहमति के बाद रजिस्ट्रार जनरल को दस दिनों के भीतर सभी के खाते में सीधे पैसे का भुगतान करने का आदेश दिया। विदित हो कि निगम ने अदालती आदेश के बाद हाइकोर्ट में 75 करोड़ रुपये जमा कराया था। अगली सुनवाई दस मार्च को होगी।

Posted By: Inextlive