रेस्क्यू किए गए बच्चों के प्रति बरती जा रही लापरवाही

समाधान ट्रांजिट होम में रह रहा है सोनू

RANCHI : गुमशुदा और रेस्क्यू किए गए बच्चों के प्रति लापरवाही का एक और उदाहरण सामने आया है। हाल ही में दिल्ली के सीडब्लूसी की ओर से रांची भेजे गए एक बच्चे को नागपुर की जगह छोटानागपुर भेज दिया गया। नतीजा ये हुआ कि बच्चे को महाराष्ट्र के बदले झारखंड की पुलिस को सौंप दिया गया और बच्चा नागपुर की जगह रांची पहुंच गया।

समाधान ट्रांजिट होम में सोनू

बुधवार को रांची पुलिस द्वारा दिल्ली से चौदह साल के सोनू को रांची लाया गया। सोनू को फिलहाल बरियातू स्थित समाधान ट्रांजिट होम में रखा गया है। सोनू दिल्ली में पिछले सात सालों से रह रहा था। रेस्क्यू के बाद उसे दिल्ली के डॉन बास्को शेल्टर होम में रखा गया था। हाल ही में दिल्ली सीडब्लूसी की ओर से की गई पूछताछ में गलत रिपोर्ट पेश करने की वजह से सोनू नागपुर के बदले रांची पहुंच गया।

नागपुर स्टेशन के पास था घर

समाधान ट्रंाजिट होम के डा.एनके ता ने बताया कि सोनू से जब उसके घर के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि वह छोटी उम्र में ही घर से निकल गया था। उसे बस इतना याद है कि नागपुर स्टेशन के पास उसका घर था। वहीं से निकल कर वह दिल्ली पहुंच गया। दिल्ली में वो कचरा चुनने का काम करता था। दिल्ली पुलिस ने उसे ओखला के शेल्टर होम में भेजा जहां से उसे डॉन बास्को शेल्टर होम पहुंचा दिया गया। घर के बारे में पूछने पर नागपुर की जगह छोटानागपुर और पता हजारीबाग लिख दिया गया। जबकि सोनू को याद है कि उसके पिता और भाई सब नागपुर में रहते थे। शुक्रवार को उसे रांची सीडब्लूसी के सामने पेश किया जाएगा। साथ ही नागपुर के मिसिंग चाइल्ड के जरिए भी यह पता लगाया जाएगा।

Posted By: Inextlive