patna@inext.co.in
PATNA : राज्य के सबसे बड़े अस्पताल पीएमसीएच की सुरक्षा में भारी चूक का मामला सामने आया है। अस्पताल के डिलेवरी वार्ड में एक महिला 7 दिन का बच्चा चोरी करते हुए गिरफ्तार हुई है। किसी अस्पताल में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी पटना के अस्पतालों में आधा दर्जन इस तरह के मामले हो चुके हैं।

नींद लगते ही गायब कर दिया

पीरबोहर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुलबी घाट निवासी दिलीप कुमार की पत्‌नी गर्भवती थी। डिलेवरी के लिए उन्होंने अपनी पत्‌नी को 2 जनवरी को पीएमसीएच में भर्ती कराया था। उसी दिन उनकी पत्‌नी ने एक बच्चे को जन्म दिया। मां और नानी अस्पताल में ही बच्चे की देख-रेख कर रहे थे। इस दौरान बुधवार सुबह करीब 8 बजे बच्चे की मां बाथरूम गई। इस दौरान बच्चा नानी के पास था। नानी बच्चे को लेकर बेड पर सो गई। इस दौरान करीब दो मिनट बाद उसकी नींद खुली तो देखा कि बच्चा गायब है। इसके बाद उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी दौरान गेट पर गार्ड ने एक महिला को बच्चा लेकर भागते हुए पकड़ लिया।

पहले कहा, मेरा है बच्चा

जब गार्ड ने महिला को पकड़ लिया तो उसने गुमराह करने के लिए कहा कि ये बच्चा मेरा है। इसी बीच बच्चे की नानी भी बाहर आ गई और बच्चे को पहचान लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया।

जिसने खिलाया, उसी से किया दगा

महिला अस्पताल में पिछले तीन दिन से घुम रही थी। महिला भिखारी बनकर घूम रही थी। हैरत की बात ये है कि जिस महिला का बच्चा चोरी कर वो भाग रही थी। वहीं महिला उसकी मजबूरी पर हैरत खाकर उसे दो दिन से खाना खिलाती थी। गार्ड और महिला की सर्तकर्ता से बच्चे को बचा लिया गया नहीं तो बच्चा मिलना मुश्किल ही था।

गोद को भरने के लिए चुरा रही थी बच्चा

पुलिस पूछताछ में महिला ने अपना नाम सासाराम निवासी रीना बताया। उसने कहा कि मेरा कोई बच्चा नहीं है। इस कारण वो बच्चे को लेकर जा रही थी। हालांकि पुलिस को महिला की बात पर विश्वास नहीं हो रहा है। पुलिस को इसके पीछे एक गिरोह संचालित होने की आशंका है। इसलिए महिला को लेकर पुलिस सासराम जाएगी।

Posted By: Inextlive