क्त्रड्डठ्ठष्द्धद्ब:रांची की गलियों में क्रिसमस सांग की धुन सुनाई देने लगी है। क्रिसमस बाजार में भी स्थानीय कलाकारों के सुर से सजे लोकप्रिय सांग बज रहे हैं। इस बार क्रिसमस को लेकर प्रभु यीशु के भजन, मसीही गीतों से लेकर डीजे रिमिक्स वाले सीडी-डीवीडी की ब्रिकी भी जम कर हो रही है। चर्च और क्रिसमस बाजार के बीच ये गाने क्रिसमस के आयोजन में चार चांद लगा रहे हैं।

एक्समस डीजे रिमिक्स का बाजार पर कब्जा

पुरूलिया रोड में सोमवार से अजय खाखा ने भी अपना म्यूजिक स्टॉल लगाया है। वह 1998 से ही यहां अपने म्यूजिक एलबम के स्टॉल लगा रहे हैं। इस बार इनके यहां क्रिसमस को लेकर सौ से भी ज्यादा क्रिसमस म्यूजिक एलबम के सीडी और डीवीडी मौजूद हैं। अजय के अनुसार लोगों की डिमांड को देखते हुए, साधारण और रिमिक्स गानों वाली सीडी-डीवीडी बड़े पैमाने पर बाजार में उपलब्ध हैं। इस बार मसीही भजन, जीवन बगिया, जीवन डोग, अनंत जीवन, प्रभु केर फुलवारी के अलावा नॉन स्टॉप म्यूजिक, एक्समस डीजे रिमिक्स और कैरोल की डिमांड काफी बढ़ गई है।

कई म्यूजिक एलबम आउट ऑफ स्टॉक

इन एलबम में सिंगर पवन पंकज, मोनिका, भूषण, भजन के लिए अविनाश, सत्या मनोज और जीतू जैसे सिंगर्स के म्यूजिक एलबम आउट ऑफ स्टॉक हो रहे हैं। क्रिसमस के इस मौसम में महज पंद्रह से बीस दिनों में करोड़ों के म्यूजिक एलबम की ब्रिकी हो जाती है। खासकर क्रिसमस गैदरिंग, कैरोल मीट जैसे आयोजन के लिए इन एलबम की खूब खरीदारी हो रही है।

क्रिसमस मैसेज

यह प्रभु का आगमन काल है, जो आशा से जुड़ा है। इस वक्त हम सभी को जागरूक रहना चाहिए। सकारात्मक सोच और विचार के साथ हर काम को करना चाहिए। इस वक्त हम सभी इस उम्मीद के साथ क्रिसमस के इंतजार में हैं कि हमें बहुत बड़ी खुशी मिलने वाली है। यह इंतजार की घड़ी हम में ऊर्जा का संचार भी करती है। महीने भर पहले ही हम लोग इसकी खास तैयारी में जुट जाते हैं, जिसको लेकर हर किसी में उत्साह साफ झलकता है। ये सारी गतिविधियां क्रिसमस से जुड़ी हैं और क्रिसमस हमें हमारे जीवन के लिए भी यही संदेश देता है। इसलिए क्रिसमस का सार हमें सिर्फ इस महीने भर के लिए नही, बल्कि पूरी जिंदगी भर के लिए याद रखना चाहिए। इसका पालन भी करना चाहिए। बुजुर्ग, बच्चे, युवा हर उम्र के लोगों को प्रभु से जुड़कर अपनी जिंदगी को इसी रूप में ढाल लेनी चाहिए।

फादर सुशील टोप्पो

Posted By: Inextlive