क्रिसमस सेलीब्रेशन को लेकर बाजारों में बढ़ी भीड़

रंग-बिरंगी लाइट्स से जगमगाने लगे शहर के सभी चर्च

Meerut : चरनी में चमका उजियारा यीशु आया है, सबसे न्यारा हमारा प्यारा यीशु आया है। क्रिसमस की आहट के साथ ही कैरल गीतों का अभ्यास शुरू हो गया। कल 25 दिसंबर यानि क्रिसमस है। ऐसे में जहां एक तरफ घरों में लोगों ने सेलीब्रेशन की तैयारियां शुरू कर दी है। वहीं शहर के चर्च भी सजने संवरने लगे हैं।

अंतिम चरण में तैयारियां

दरअसल, लोगों ने घरों और चर्च

में क्रिसमस की तैयारी अंतिम चरण में है। दिसंबर के पहले संडे यानि क्रिश्चियन व्हाइट संडे से तैयारियां शुरू हो जाती हैं। बाजार में क्रिसमस कार्ड, सेंटा क्लॉज और क्रिसमस ट्री समेत केक की खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।

चर्च में भी तैयारी शुरू

शहर के सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च लालकुर्ती, सिटी मैथोडिस्ट चर्च साकेत, सेंट लुक्स चर्च साकेत, ब्रिशवा चर्च, सेंट पोल चर्च कैंट, सीएनआई चर्च बच्चा पार्क और सेंट थॉमस चर्च बच्चा पार्क आदि में क्रिसमस को लेकर विशेष तैयारियां हो रही है। क्रिसमस पर बच्चा पार्क स्थित सेंट थॉमस चर्च में डॉ। पीटर बलदेव द्वारा प्रार्थना कराई जाएगी और उसके बाद क्रिसमस सेलीब्रेशन किया जाएगा। वहीं पेंटीकोस्टल चर्च के धर्मगुरु फिनी अब्राहम ने बताया कि चर्च को विभिन्न तरह की एलईडी लाइट्स से सजाया जाएगा व क्रिसमस ट्री व चरनी को भी सजाया जाएगा। श्रद्धापुरी सेंट पीटर्स चर्च को भी एलईडी लाइट्स और फूलों से सजाया जा रहा है।

कॉलोनी में हो रहा कंपटीशन

इस बार क्रिसमस को लेकर सोसाइटीज में रहने वाले परिवारों में डेकोरेशन को लेकर कंपटीशन हो रहे हैं। मिशन कंपाउंड निवासी एलिजाबेथ ने बताया कि इस बार उनकी सोसाइटी में सबसे सुंदर चरनी और क्रिसमस ट्री सजाने का कंपटीशन हो रहा है। जिनकी सजावट बेस्ट होगी, उसे सोसायटी के लोग मिलकर उसे उपहार देंगे।

घरों में बन रहे पकवान

जैसे बिना मिठाई हर त्योहार अधूरा लगता है, वैसे ही बिना केक के क्रिसमस भी अधूरा होता है। इस बार कई दिन पहले ही लोगों ने केक की बुकिंग करा ली है। कंकरखेड़ा के एलेक्स का का कहना उनके वह घर में रम केक, जिंजर वाइन, डोनल्ड, सलोनी, मीठा, नमकीन समेत कई तरह के पकवान रोजाना रसोई घर में बनते नजर आ रहे हैं। वहीं रजबन स्थित जोंस का कहना है कि उन्होंने इस बार केक का ऑर्डर बाजार से किया है।

40 किलो का केक

साकेत स्थित केक फैक्ट्री की संचालिका गरिमा मित्तल ने बताया कि उनके यहां अभी तक 50 से अधिक केक की बुकिंग हो चुकी है। गरिमा ने बताया कि उनके यहां इस बार बेगमबाग निवासी अश्वनी व अर्चना ने 40 किलो के केक का ऑर्डर दिया है। वहीं न्यूज वेज के प्रवीण गुप्ता ने बताया कि उनके यहां भी अब तक 40 से अधिक केक बुक हो चुके हैं।

--------------------

हम तो घर में केक बनाते है और क्रिसमस ट्री सजाते हैं। इसके अलावा अभी शॉपिंग रोज चल रही है क्योंकि मुझे इस बार सोसायटी का कंपटीशन जीतना है।

एलिजा बेथ, एकतापुरम

इस बार मैं घर में विशेष चरनी की सजावट करुंगी, इसके लिए मैनें काफी सजावट का सामान खरीदा है। इसके अलावा केक भी आर्डर किया है।

विकास, मसीपुरम, साकेत

हर साल की तरह इस बार भी क्रिसमस पर विशेष सजावट व पार्टी की तैयारी है। क्रिसमस के दिन चर्च में भी जाते हैं।

रीना रॉय, मिशन कंपाउंड

मैनें क्रिसमस के लिए केक बनाने का विचार किया है। इसके साथ ही अपने सभी रिश्तेदारों को क्रिसमस गिफ्ट देने की सोच रही हूं।

नेहा सिंह, मिशन कंपाउंड साकेत

इस बार मैं ऑनलाइन शॉपिंग कर रहीं हूं। क्रिसमस के गिफ्ट से लेकर सजावट का सामान सब कुछ ऑनलाइन खरीद रही हूं।

रश्मि, तेजविहार

क्रिसमस को लेकर इस बार हमारे यहां विशेष तैयारी हो रही हैं। हम केक भी घर पर ही तैयार करेंगे, इस बार हम फ्रूट केक बना रहे हैं।

एथल, साकेत

घर में बच्चों ने स्पेशल चरनी सजाई है। इसके साथ ही फूलों, उपहारों व अन्य चीजों से क्रिसमस ट्री भी सजाया जा रहा है।

प्रमोद फिलिप, मिशन कंपाउंड

Posted By: Inextlive