- चर्च में प्रार्थना के बाद लोगों ने एक-दूसरे को दी बधाई

- सेंट मेरीज महागिरजाघर में चलेगा तीन दिनों तक मेला, जुटी लोगों की भारी भीड़

1ड्डह्मड्डठ्ठड्डह्यद्ब@द्बठ्ठद्ग3ह्ल.ष्श्र.द्बठ्ठ

ङ्कन्क्त्रन्हृन्स्ढ्ढ

प्रभु यीशु का जन्म होने के साथ ही शनिवार की आधी रात चारों ओर खुशहाली बिखरी और लोग खुशियां मनाने लगे। गिरजाघरों में विशेष पूजा हुई, लोगों ने प्रभु की स्तुति में कैरल गीत गाए। क्रिसमस के पावन पर्व के अवसर पर रविवार को गिरजाघरों में दिनभर कई प्रोग्राम होते रहे। सुबह की विशेष प्रार्थना के बाद लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस व न्यू ईयर की बधाई देने के साथ ही केक खिलाकर मुंह मीठा कराया। कैंटोंमेंट क्षेत्र स्थित सेंट मेरिज महागिरजाघर में तीन दिवसीय क्रिसमस मेला बिशप यूजीन जोसेफ के संयोजन में शुरू हुआ। मेले से पूर्व उन्होंने सुबह की प्रार्थना संपन्न कराई।

हर चर्च में हुआ आयोजन

प्रभु के जन्म के बाद रविवार को शहर के हर चर्च में आयोजन हुआ। लाल गिरजाघर में पादरी संजय दान ने प्रार्थना कराई, जिसके बाद सैकड़ों लोगों के समूह ने कैरल गीत गाकर प्रभु की स्तुति की। लाल गिरजाघर के क्रिसमस मिलन समारोह में कांग्रेस के पूर्व सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने भी शिरकत की। वहीं सेंट थॉमस चर्च-गोदौलिया में पादरी न्यूटन स्टीफन, सेंट पॉल्स चर्च-सिगरा में पादरी सैम जोशुआ सिंह, बेथेल फुल गास्पल चर्च-महमूरगंज में पादरी अरविंद थॉमस, तेलियाबाग चर्च में पादरी आदित्य कुमार ने पूजा संपन्न कराई। साथ ही विजेता प्रेयर मिनिस्ट्रीज-सिगरा, चर्च ऑफ बनारस-छावनी क्षेत्र एवं शिवपुर, रामकटोरा, बीएचयू डीएलडब्ल्यू आदि के चर्च में भी प्रार्थना सभा हुई।

मेले में दिखे अद्भुत रंग

कैंटोंमेंट स्थित सेंट मेरिज महागिरजाघर में आयोजित तीन दिवसीय मेले में हजारों की संख्या में पहुंचे सभी धर्म के लोगों ने लुत्फ लिया। युवा जहां सेल्फी खींचने में व्यस्त थे, वहीं बच्चों ने झूलों पर खूब मस्ती की। मेले में बच्चों व बड़ों के मनोरंजन के लिए कई किस्म के झूले लगे हुए थे। खाने-पीने के स्टालों पर चाट, बर्गर, पिज्जा, चाऊमीन आदि का मेला घूमने गए लोगों ने खूब लुत्फ लिया। सुरक्षा व सुविधा के लिए राज्य सुरक्षाकमियों के साथ ही चर्च की ओर से 200 कार्यकर्ता तैनात थे। जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों से भी अवांछनीय तत्वों पर नजर रखी जा रही थी। वहीं पवित्र बाइबल जीवन दर्शन प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। सेंट मेरिज महागिरजाघर के ग्राउंड फ्लोर में प्रभु यीशु के जीवन से जुड़ी प्रमुख घटनाओं से संबधित झांकियां लाइट व साउंड के माध्यम से सजीव रही।

Posted By: Inextlive