RANCHI: आइपीएस अधिकारी सुजाता वीणापानी ने कहा कि अपराधमुक्त रांची उनकी पहली प्राथमिकता है। राजधानी के लॉ एंड ऑर्डर पर खास ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि वो अच्छा काम करने की योजना लेकर रांची आई हैं। समाज में अमन-चैन कायम रखना और अपराध पर नियंत्रण करना उनकी कार्यसूची में सबसे ऊपर है। रांची में हटिया एएसपी के रूप में काम कर चुकी हैं, उसके आधार पर रांची को बहुत नजदीक से जानती हैं। राजधानी में रहनेवाले लोग छोटी-छोटी घटना मसलन चोरी, छिनतई एवं शटर तोड़कर सामान गायब करने से काफी परेशान होते हैं।

मोहल्ले का लेंगे सहयोग

इसके लिए थानेदार को मोहल्ला स्तर पर लोगों से संपर्क कर मदद लेने का आदेश दिया जाएगा। वहीं ग्रामीण इलाके के थानेदार गांव-गांव में लोगों से संपर्क कर अपराध पर काबू पाने का प्रयास करेंगे। नवनियुक्त सिटी एसपी सुजाता वीणापानी ने कहा कि रांची में हाल के दिनों में कुछ आपराधिक गिरोह की सक्रियता उगाही संगठन के रूप में बढ़ी है। ऐसे गिरोह पर नकेल कसने के लिए ग्रामीण इलाकों में नियमित गश्त होगी और छापेमारी अभियान चलाया जाएगा।

महिला सुरक्षा बड़ा मसला

सुजाता वीणापानी ने कहा कि नेल्सन मंडेला ने कहा था कि किसी समाज का वास्तविक आकलन इससे होता है कि वह अपनी स्त्रियों और बच्चों के साथ कैसा व्यवहार करता है। बीते कुछ दिनों से दुष्कर्म की घटनाएं लगातार चर्चा में हैं। इन दिनों महिला सुरक्षा एक बड़ा मसला बना हुआ है। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए युद्धस्तर पर कार्रवाई के साथ जरूरी उपचारात्मक कदम उठाने की भी जरूरत है।

पॉक्सो एक्ट में सुधार जरूरी

सिटी एसपी ने लड़कियों खासकर नाबालिग के मामले में पॉक्सो एक्ट में और सुधार की जरूरत है, ताकि राजधानी में लड़कियों को पुलिस पर भरोसा हो। इस कानून के सही क्रियान्वयन के साथ यौन अपराधों को रोकने की चुनौती है जो निर्भया मामले के बाद 29 फीसदी बढ़े दुष्कर्म वहशीपन से उपजता है। अपराध करने वाला इसके कानूनी नतीजों के बारे में शायद ही सोचता हो? सोचता भी है तो उसकी परवाह नहीं करता। ऐसे अपराधियों को कानून की नजरों में गुनहगार साबित कर उन्हें सजा दिलाना मेरी पहली प्राथमिकता होगी।

Posted By: Inextlive