PATNA : कोर्ट के आदेश अनुपालन में शहर से अतिक्रमण हटा रहे जिला प्रशासन और नगर निगम टीम को राजेंद्रनगर ओवरब्रिज के नीचे से बैरंग लौटना पड़ा। करीब एक हजार से अधिक सब्जी के दुकानदार उग्र हो गए। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को दौड़ा लिया। महिलाएं मारपीट पर उतारू हो गई। कुछ महिलाओं ने निगम के कर्मचारी तथा पुलिस कर्मियों पर छेड़छाड़ का आरोप भी लगाना शुरू कर दिया। स्थिति की नजाकत को देखते हुए मौके से पुलिस और निगम अतिक्रमण दस्ते को वापस होना पड़ा। इस दौरान दुकानदार और पुलिस आमने-सामने हो गए। दो घंटे तक जोर-आजमाइश चला। लेकिन दुकानदारों की संख्या को देखते हुए आखिरकार पुलिस और जिला प्रशासन की टीम को वापस आ जाना पड़ा।

बेदखल करने का आरोप

राजेंद्रनगर ओवरब्रिज के नीचे कई सालों से सब्जी की दुकानें लगाई जा रही हैं। यहां के दुकानदारों का दावा है कि 1988 से हर साल एक हजार रुपए टैक्स के अलावा ढाई सौ रुपए मासिक किराया हरियाली सब्जी मंडी की ओर से वसूल किया जा रहा है। दुकानदारों के पास इसकी रसीद भी उपलब्ध है। नगर निगम ने बिना किसी नोटिस अचानक उन्हें हटाने का प्रयास शुरू कर दिया।

जाम से परेशानी

निगम का कहना था कि ओवरब्रिज के नीचे करीब एक हजार दुकानदार अवैध कब्जा जमाए हुए हैं। जिसकी वजह से हर समय आवागमन ठप रहता है। लोगों को जाम से परेशानी होती है। इसके तहत निगम की टीम मौके पर पहुंची और सड़क तथा ओवरब्रिज के नीचे का स्थान खाली करने का निर्देश जारी किया।

Posted By: Inextlive