सीएम का दावा एक झटके में माफ कर दिया किसानों का कर्जसपा बसपा व कांग्रेस पर लगाया भ्रष्टाचार करने का आरोप

ALLAHABAD: किसानों की हजारों करोड़ की कर्ज माफी योगी सरकार ने ब्लैक मनी के जरिए किया। चौंकिए नहीं। यह उत्तर प्रदेश की पिछली सरकारों का ब्लैक मनी मैनेजमेंट था जो व्हाइट में किसानों के काम आ गया। यह हम नहीं कह रहे बल्कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंच से इसका दावा किया। उन्होंने बुधवार को परेड ग्राउंड के मंच से कहा कि यह सपा, बसपा व कांग्रेस के पाप का पैसा था। वे काली कमाई में लगाते थे। हमने कर्ज माफी में लगाया है। हमने एक झटके में 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया है।

 

आत्महत्या नहीं करेंगे किसान

सीएम ने कहा कि जिन लोगों ने उप्र को कई सालों तक लूटा है। उनको लग रहा था कि हमारी पांच महीने की सरकार कर्ज माफी नहीं कर पाएगी। उन्होंने हम पर प्रश्न चिन्ह लगाए। लेकिन हमने इसे एक झटके में कर दिखाया। न तो किसानों से बदले में टैक्स लिया और न ही केंद्र सरकार से कर्ज। बस भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई और 36 हजार करोड़ का कर्ज माफ कर दिया।

 

किसानों पर मेहरबान यूपी सरकार

सीएम ने कहा कि प्रदेश में किसानों को दस हजार से बढ़ाकर अब 22 हजार सोलर पंप दिए जाएंगे। सब्सिडी भी दी जा रही है। पीएम नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि 2022 तक किसान स्वावलंबी बनें। किसान खुशहाल तो देख खुशहाल। उन्होंने कहा कि अब किसानों को आत्महत्या नहीं करने देंगे।

 

सीएम की मुख्य बातें

2022 तक दोगुनी हो जाएगी किसानों की आय

गेहू की तरह धान की खरीद में किसानों को अलग से 15 रुपए प्रति टन दिया जाएगा

बाढ़ और आपदा राहत के तहत किसानों की सहायता कर उन्हें अवसाद मुक्त किया जाएगा

किसान अपने आधार को बैंक खाते से जोड़ लें तो पैसा सीधे खाते में पहुंचेगा

 

फैक्ट फाइल

80591

इलाहाबाद में कर्ज माफी के दायरे में आने वाले कुल किसान

13156

पहले चरण में लाभांवित होने वाले किसान

11585

किसानों को कार्यक्रम में वितरित किए गए प्रमाणपत्र

73.37

करोड़ का कर्ज प्रथम चरण में किया गया माफ

 

विभागों की बताई उपलब्धि

कार्यक्रम में सरकार के मंत्रियों ने विभागों की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, रीता बहुगुणा जोशी, कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, स्टांप व पंजीयन मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी, सांसद श्यामचरण गुप्त, राज्यमंत्री राजीव प्रताप रूडी, रणवेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे। इसके अलावा पूर्व मेयर अभिलाषा गुप्ता, विधायक हर्षव‌र्द्धन बाजपेई, नीलम करवरिया समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। एडीजी, कमिश्नर डॉ। आशीष गोयल, डीएम संजय कुमार, एसएसपी, सीडीओ सैमुअल पाल एन ने अतिथियों को सम्मानित किया।

Posted By: Inextlive