CHAIBASA: विश्व युवा कौशल दिवस के मौके पर रविवार को सीएम रघुवर दास चाईबासा में करीब 1400 बेरोजगार युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र बांटेंगे। इसके साथ ही कौशल विकास को लेकर राज्य सरकार दो संस्थानों के साथ एमओयू भी करेगी। झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी ने इस दिन को यादगार बनाने की पूरी तैयारी कर ली है। मौके पर कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट करने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा। पश्चिम सिंहभूम जिला प्रशासन के सौजन्य से टाटा कॉलेज मैदान में सुबह 10.30 बजे से इस कार्यक्रम की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री रघुवर दास विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर राज्य भर में बेरोजगारों को नौकरी देने के अभियान की यहां से औपचारिक शुरुआत भी करेंगे। झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी और पश्चिम सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा हाल ही में दो दिवसीय स्पेशल प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन चाईबासा के टाटा कॉलेज मैदान में किया गया था। इसमें पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिला के करीब 2300 कुशल और अकुशल बेरोजगारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इसके बाद ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू के बाद 1405 बेरोजगारों को शॉर्टलिस्ट किया गया। इन्हें 15 जुलाई को सीएम रघुवर दास नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

दो संस्थानों से एमओयू

झारखंड के युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए राज्य सरकार 15 जुलाई को दो संस्थानों के साथ एमओयू भी करेगी। प्रशासन की ओर से बताया गया कि मुख्यमंत्री रविवार को मडिका अस्पताल और बिरसा मुंडा कृषि विश्वविद्यालय के साथ एमओयू करेंगे। ये दोनों संस्थान राज्य के बेरोजगार युवक-युवतियों को कौशल विकास का प्रशिक्षण देंगी। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को उक्त संस्थानों में रोजगार भी दिया जाएगा।

स्थल का किया निरीक्षण

15 जुलाई को मुख्यमंत्री रघुवर दास चाईबासा आएंगे। टाटा कॉलेज मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर ही उनके उतरने के लिए हेलीपैड बनाया गया है। शनिवार को डीआइजी कुलदीप द्विवेदी, एसपी क्रांति कुमार गद्देशिया और डीसी अरवा राजकमल ने दोनों स्थलों का निरीक्षण कर तैयारी व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ में सदर एसडीओ आर रोनिटा, प्रशिक्षु आईएएस नीतिश सिंह, डीएसपी हेडक्वार्टर प्रकाश सोय, जिला नियोजन पदाधिकारी रवि कुमार, सामाजिक सुरक्षा कोषांग पदाधिकारी खुसेंद्र सोन केसरी, मुफसिल थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

चाक-चौबंद सुरक्षा

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम यहां किए हैं। टाटा कॉलेज कैंपस से लेकर शहर भर में 250 पुलिस जवानों को जगह-जगह तैनात किया गया है। इनके अलावा सात पुलिस पदाधिकारियों को भी सुरक्षा में लगया गया है। डीएसपी मुख्यालय प्रकाश सोय ने बताया कि सुरक्षा संबंधी सारी तैयारी कर ली गई है। शनिवार की शाम को आयोजन स्थल का भी दौरा किया गया है। प्रोग्राम में चार हजार से भी ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद है। इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई है।

Posted By: Inextlive