RANCHI: राजधानी में पाल्यूशन तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में पाल्यूशन पर रोक लगाने के लिए सिटी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट का संचालन सीएनजी से किया जाएगा। इससे शहर में बढ़ रहे पाल्यूशन में कमी आएगी। वहीं पब्लिक ट्रांसपोर्ट यूज करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसे लेकर रांची की मेयर आशा लकड़ा ने प्लान तैयार किया है। जल्द ही वह प्लान राज्य सरकार और नगर विकास विभाग को सौंपेंगी। इसके बाद शहर में सीएनजी से वाहनों के संचालन को लेकर तैयारी शुरू कर दी जाएगी। बताते चलें कि मेयर लखनऊ में सीड और डब्ल्यूएचओ की ओर से एयर पॉल्यूशन पर आयोजित वर्कशॉप में शामिल होकर लौटी हैं।

ऑटो व सिटी बसों से होगी शुरुआत

मेयर ने बताया कि योजना के तहत सबसे पहले सिटी बसों और आटो को सीएनजी से चलाया जाएगा। चूंकि शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए सबसे ज्यादा आटो और सिटी बसें ही चलती हैं। और इनसे निकलने वाला खतरनाक धुआं राजधानी की हवा में जहर घोलने का काम करता है। इसके बाद धीरे-धीरे इसे प्राइवेट गाडि़यों के लिए भी लागू किया जाएगा।

बनाए जाएंगे नए बस स्टॉप

रांची में जगह-जगह पर बस स्टॉप का निर्माण नगर निगम ने करवाया है। वहीं नए बस स्टॉप भी बनाने की तैयारी है। इससे शहर में बसों का ठहराव जहां-तहां नहीं होगा। ऐसे में शहर को जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी। वहीं जब लोग पब्लिक ट्रांसपोर्ट का यूज करेंगे तो शहर की सड़कों पर गाडि़यों का बोझ भी कम होगा। सिटी में नई बसों के परिचालन को लेकर भी योजना नगर विकास ने तैयार की है।

इ-रिक्शा के संचालन को बढ़ावा

सिटी की सड़कों पर 1500 हजार इ-रिक्शा का परिचालन हो रहा है। इससे पाल्यूशन नहीं के बराबर होता है। ऐसे में इ-रिक्शा के संचालन पर जोर दिया जाएगा। वहीं इसके लिए लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। ताकि शहर में बढ़ रहे पाल्यूशन पर रोक लगाई जा सके।

पॉल्यूशन वाले शहरों से रांची बेहतर

भारत के 14 शहरों में पॉल्यूशन का लेवल काफी खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। ऐसे में उन शहरों की तुलना में रांची की स्थिति बेहतर है। ये बातें वर्कशॉप में एक्सप‌र्ट्स ने कहीं। वहीं पाल्यूशन कम करने के लिए पार्क डेवलप करने और पौधे भी लगाने की बात मेयर ने कहीं। उन्होंने कहा कि एमटीएस के चालू होने से भी पाल्यूशन कम हुआ है।

Posted By: Inextlive