विकास खंड चायल व कौशांबी में हुआ हादसा

chayal: पिछले एक सप्ताह से दोआबा में ठंड का कहर जारी है। शुक्रवार की रात अलग-अलग इलाकों में तीन लोगों की मौत ठंड की चपेट में आने से हो गई। लगातार हो रही मौतों को लेकर इलाकों में दहशत का माहौल है। परिजनों ने शवों का अंतिम संस्कार कर दिया है।

मजदूरी करती थी दुखनी

कौशांबी विकास खंड के रजईपुर निवासी सूरजदीन गांव का चौकीदार है। उसकी 55 वर्षीय पत्नी दुखनी देवी मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करती थी। शुक्रवार की देर रात वह ठंड की चपेट में आ गई। परिजन इलाज के लिए उसे स्थानीय अस्पताल में ले गए जहां उसकी मौत हो गई। इसी प्रकार चायल तहसील के बिरौली गांव निवासी कल्लू राम मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता है। शुक्रवार की देर शाम उसकी 48 वर्षीय पत्नी उर्मिला देवी को ठंड लग गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए जहां उसे बचाया नहीं जा सका।

ठंड की चपेट में आए बुजुर्ग

इसी प्रकार चायल तहसील के ही गेरिया खालसा निवासी 60 वर्षीय वृद्ध गुलाब प्रजापति पुत्र सुमेशर की मौत शुक्रवार की रात ठंड लगने से हो गई है। ठंड की चपेट में आने से हुई मौतों के बाद उनके परिजनों में कोहराम मचा है। परिजनों ने शनिवार की दोपहर शवों का अंतिम संस्कार कर दिया है। एक दिन में एक के बाद एक हुई मौतों को लेकर इलाकों में दहशत का माहौल है।

Posted By: Inextlive