RANCHI : पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा के कारण रांची समेत पूरा झारखंड कांप रहा है.पूरा इलाका शीतलहर की चपेट में है। गुरुवार की अपेक्षा शुक्रवार को तेज ठंडी हवा चलती रही। 12-13 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से बर्फीली हवा चलीं। दिन में भी लोग ठिठुरते रहे। सूर्य की मद्धम किरणें भी ठंड की ठिठुरन से शरीर को राहत देने में कमजोर पड़ी। घर से बाहर निकलने वाले लोग स्वेटर, कोट, जैकेट, टोपी व मफलर लपेटे दिखे। वहीं दूसरी ओर घर के अंदर दुबके लोग हीटर व बॉयलर की गर्मी से राहत लेते दिखे।

क्यों बढ़ी कनकनी

मौसम वैज्ञानिक एससी मंडल ने बताया कि झारखंड राज्य के ऊपर या आसपास के क्षेत्रों के ऊपर कोई सिनोप्टिक तंत्र कारगर नहीं है। हिमालय की ओर से आ रही बर्फीली हवा झारखंड की ओर प्रवाहित हो रही है। जिसके कारण शीतलहर चल रही है।

तीन दिनों तक चलेगा कोल्ड वेव

उन्होंने बताया कि रांची व आसपास के क्षेत्रों में आगामी तीन दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना है। जबकि पूरे राज्य में 31 दिसंबर चक एक-दो जगहों पर शीतलहर चलने की संभावना है।

मैक्लुस्कीगंज में जमा पारा

मौसम विभाग के अनुसार, मैक्लुस्कीगंज का पारा शून्य डिग्री पर पहुंच गया है। शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान सामान्य की अपेक्षा 2.3 व न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया। पूरे राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान डालटनगंज का 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

चार डिग्री तक गिरेगा न्यूनतम पारा

मौसम पूर्वानुमान के तहत उन्होंने बताया कि आगामी तीन दिनों तक रात में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट हो सकती है। जबकि 29-30 दिसंबर को रांची का अधिकतम तापमान 20.0 व न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Posted By: Inextlive