- 30 अगस्त तक मोहनपुरी ढलाव घर हटाने के दिए थे आदेश

- मोहनपुरी नाले की सर्विस लेन पर बनना है नया डलावघर

मेरठ। नगर निगम के अधिकारियों के लिए कमिश्नर के आदेश भी कोई मायने नहीं रखते हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कमिश्नर डॉ। प्रभात कुमार ने मोहनपुरी में बने ढलावघर को हटाने के आदेश दिए थे। लेकिन 30 अगस्त बीतने के बावजूद भी ढलावघर नहीं हटा है।

पार्षद ने की थी शिकायत

गौरतलब है कि वार्ड-36 के पार्षद सुधीर पुंडीर ने कमिश्नर से ढलावघर हटाने की शिकायत की थी। पार्षद की शिकायत पर कमिश्नर डॉ। प्रभात कुमार ने नगर आयुक्त को 30 अगस्त तक ढलावघर हटाने के आदेश दिए थे। बावजूद इसके नतीजा सिफर है।

सर्विस लेन पर बनना है डलावघर

मोहनपुरी नाले के किनारे बनी सर्विस लेन पर ढलावघर मुख्य सड़क से हटकर बनना है। लेकिन इसे लेकर विवाद चल रहा है। नगर निगम से इसका प्रस्ताव भी पारित है। जगह भी चिंहित कर ली गई है। लेकिन विरोध के चलते अभी तक ढलावघर का निर्माण नहीं हो सका है।

वर्जन

मुख्य सड़क पर तो ढलावघर होना ही नहीं चाहिए। ढलावघर को हटाने के लिए कई बार नगर निगम को कह चुके हैं। लेकिन निगम के अधिकारी हैं कि सुनने को तैयार ही नहीं है।

सुमित चौधरी

मुख्य सड़क के किनारे ढलावघर बना है। वहां से निकलना दूभर हो चुका है। वहां पर आवारा पशु घूमते रहते हैं। हमेशा गंदगी का अंबार रहता है।

सांगवान

ढलावघर पर हमेशा गंदगी रहती है। आवारा पशु वहां पर घूमते रहते हैं। हमेशा बीमारी होने का खतरा रहता है। रोजाना वहां से हजारों लोग गुजरते है। बिना मुंह पर कपड़ा रखकर वहां से निकल नहीं सकते।

मनीष प्रताप

ढलावघर सर्विस लेन पर बनेगा। बहुत दिनों से सुन रहे हैं। लेकिन अभी तक वहां से ढलावघर नहीं हटा है। हां इतना जरूर है कि नाले की ओर भी गंदगी पड़ने लगी है। क्या ऐसी ही मेरठ स्मार्ट सिटी बनेगा।

लोकेश अग्रवाल

कमिश्नर ने 30 अगस्त तक ढलावघर हटाने के आदेश दिए थे। लेकिन अभी तक वहां से ढलावघर नहीं हटा है। कमिश्नर से दोबारा से मुलाकात कर शिकायत की है।

सुधीर पुंडीर, पार्षद वार्ड 36

मामला अभी संज्ञान में नहीं है। यदि कमिश्नर ने आदेश दिए हैं तो वहां से डलावघर को हटाया जाएगा।

अली हसन कर्नी, प्रभारी नगर आयुक्त

Posted By: Inextlive