-महानगर के वार्डो में विकास कार्य न होने से नाराज पार्षद

-सपा, क्रांग्रेस, बसपा और निर्दलीय पार्षदों ने खोला मोर्चा

GORAKHPUR: महानगर के वार्डो में विकास कार्य न होने तथा निगम प्रशासन के उपेक्षापूर्ण रवैये से नाराज पार्षदों ने सोमवार को जमकर हंगामा किया। इस दौरान सपा, कांग्रेस, बसपा और निर्दलीय पार्षदों ने नगर आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की।

आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए समाजवादी पार्टी के पार्षदों ने बसपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों की संयुक्त बैठक बुलाई थी। पार्षद जियाउल इस्लाम ने कहा कि नगर निगम बोर्ड के गठन के बाद महानगर में एक भी नए कार्य की मंजूरी नहीं मिली है। पिछले महीने कार्यकारिणी की बैठक में तय हुआ था कि अति आवश्यक सड़क मरम्मत, क्रास नाली मरम्मत आदि के कार्यो के लिए प्रत्येक वार्ड में 10-10 लाख रुपए के कार्य कोटेशन के माध्यम से स्वीकृत कराकर शीघ्र कार्य करा दिया जाए। कार्यकारिणी की स्वीकृति के बाद किसी भी वार्ड में मरम्मत कार्य नहीं हुआ। आलम यह है कि नाली का एक क्रास भी ठीक नहीं हो पा रहा है। बेतियाहाता के विश्वजीत त्रिपाठी ने कहा कि निगम प्रशासन भाजपा छोड़ अन्य पार्षदों की उपेक्षा कर रहा है। साजिश के तहत हम लोगों के वार्डो में कोई कार्य नहीं कराया जा रहा है। सफाई, पथ प्रकाश, पानी व सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से जनता वंचित हो गई है। शहाब अंसारी, अशोक यादव एवं अजय यादव ने कहा कि नगर निगम पूरी तरह निष्क्रिय है। दर्जनों ट्यूबवेल खराब है और इस भीषण गर्मी में लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। मौके पर सिंहासन सिंह यादव, कृष्ण मोहन, राघुवेंद्र सिंह, चंद्रावती देवी, मोहम्मद अफरोज, अमरूद्दी अंसारी, अमरनाथ यादव, हीरालाल यादव, इरशाद अहमद, लाल बहादुर पासवान, मनोज यादव, संजीव सिंह सोनू, आकाश चौहान आदि मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive