- एक संप्रदाय के युवकों पर बकरा काटकर खाने का आरोप

- मोहल्ले में ही स्थित शौचालय से मिला बकरे का सिर

मेरठ: एक बार फिर शहर की फिजा खराब होते बच गई। इस बार वजह बनी बकरे की बली। लालकुर्ती घोसी मौहल्ले में विशेष संप्रदाय के युवक ने दूसरे संप्रदाय के युवकों पर बकरा काटकर खाने का आरोप लगाया। मौके से बकरे का कटा सिर भी मिल गया, तो हंगामा हो गया। दोनों समुदाय आमने सामने आ गए।

यह थी घटना

लालकुर्ती के घोसी मौहल्ले में सलीम रहता है। सलीम का बकरा चोरी हो गया था। जिसके बाद सलीम परेशान हो गया। मामला तब बढ़ा, जब सलीम को लोगों ने आकर बताया कि एक बकरे का सिर मौहल्ले के ही एक शौचालय में पड़ा है। सलीम मौके पर पहुंच गया और अपने बकरे की भी पहचान कर ली। सलीम ने हंगामा करते हुए दूसरे संप्रदाय के कुछ लोगों पर बकरा काटकर खाने का आरोप लगा दिया। सलीम के साथ विशेष संप्रदाय के और लोग भी शामिल हो गए और उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस बीच दोनों समुदायों में तनातनी हो गई। घटना की सूचना पाते ही सिविल लाइन, सदर, लालकुर्ती की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के सामने ही दोनों समुदायों के लोग आमने सामने आ गए। जिसके बाद पुलिस ने बड़ी मुश्किल से लोगों को समझाया।

पुलिस ने सलीम को 5 हजार रुपए दिलाकर समझौता करा दिया।

बकरे के सिर मिलने के कारण एक युवक ने दूसरे संप्रदाय के युवकों पर बकरा चुराने का आरोप लगाया था। जिसके बाद हंगामा हुआ। युवक को पांच हजार रुपए देकर मामला शांत करा दिया गया है।

ओपी सिंह, एसपी सिटी

Posted By: Inextlive