अनदेखी

प्रचार के लिए नियमों के साथ समझौता

सीएम के 'स्वागत' पर उठ रहे सवाल

- अवैध होर्डिग, यूनीपोल पर भाजपा ने लगाए स्वागत बैनर

- तमाम कोशिशों के बावजूद होर्डिग माफिया पर कार्रवाई नहीं

मेरठ। शहर की सड़कों पर लगे अवैध यूनीपोल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा नेताओं की तस्वीरें आम लोगों में चर्चा का विषय बन गई है। सीएम चले भी गए किंतु उनकी आगवानी में लगे होर्डिग और पोस्टर अब भी आने-जाने वालों को आकर्षित कर रहे हैं।

अटा पड़ा है शहर

मंगलवार को सीएम के मेरठ आगमन पर भाजपा नेताओं, विधायकों के साथ सीएम योगी के फोटो वाले होर्डिग से शहर अटा पड़ा है। याद दिला दें कि पूर्व सपा सरकार के दौरान होर्डिग्स को लेकर महापौर हरिकांत अहलूवालिया का सख्त रुख रहा था। उन्होंने न सिर्फ नगर निगम के अधिकारियों को ऐसे होर्डिग हटाने के निर्देश दिए थे बल्कि खुद भी मैदान में उतरकर होर्डिग हटाए थे।

अवैध हैं होर्डिग

नगर निगम से मिली जानकारी के मुताबिक फिलहाल मेरठ के सभी होर्डिग अवैध हैं। वित्तीय वर्ष समाप्ति के बाद होर्डिग्स की साइट की नई टेंडर प्रक्रिया पूर्ण नहीं हुई है। इसके अलावा सड़क के बीच के लगे सभी यूनीपोल पर कोर्ट में एडवरटाइजर और नगर निगम के बीच विवाद चल रहा है। नगर निगम के अधिशासी अभियंता केवी वाष्र्णेय ने बताया कि अवैध होर्डिग के खिलाफ निगम की कार्रवाई जारी है।

---

अवैध होर्डिग्स के खिलाफ कार्रवाई के आदेश नगर निगम को दिए हैं। सीएम के आगमन से पूर्व और बाद में भी नेताओं के फ्लैक्स हटाने का काम चल रहा है।

-हरिकांत अहलूवालिया, महापौर, मेरठ

Posted By: Inextlive