रायबरेली से प्रियंका के लडऩे के कयासों को विराम सोनिया ही लड़ेंगी। उन्नाव से पूर्व सांसद अन्नू टंडन को फिर मौका।

lucknow@inext.co.in
LUCKNOW : प्रदेश में सपा-बसपा-आरएलडी गठबंधन में शामिल होने को लेकर जारी कयासों के बीच कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेश की 11 संसदीय सीटों के लिये प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। प्रियंका गांधी की राजनीति में इंट्री के बाद से उनके रायबरेली से चुनाव लडऩे की को लेकर की जा रही चर्चाओं को इस सूची ने विराम लगा दिया है। इस सीट से उनकी मां और वर्तमान सांसद सोनिया गांधी ही पार्टी की प्रत्याशी होंगी। वहीं, अमेठी से राहुल गांधी एक बार फिर कांग्रेस की ओर से मैदान में होंगे।
पुराने नेताओं को तरजीह
कांग्रेस के महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से जारी सूची में पार्टी के पुराने नेताओं को तरजीह दी गई है। उन्नाव से सांसद रहीं अन्नू टंडन को पार्टी ने एक बार फिर प्रत्याशी बनाया है। वहीं, यूपीए सरकार में मंत्री रहे सलमान खुर्शीद को फरुखाबाद से एक बार फिर पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है। तराई बेल्ट के कद्दावर नेता जितिन प्रसाद धौरहरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चित रहे इमरान मसूद को पार्टी ने सहारनपुर से टिकट दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह को फिर से कुशीनगर सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। फैजाबाद से पार्टी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश कांग्रेस के कद्दावर नेता निर्मल खत्री पर दांव लगाया है। इसके अलावा अकबरपुर से राजा राम पाल, जालौन सुरक्षित से बृजलाल खबरी, बदायूं से सलीम इकबाल शेरवानी पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

मैनपुरी से चुनाव लड़ेंगे मुलायम सिंह यादव
इसके अलावा समाजवादी पार्टी ने भी शुक्रवार को यूपी के छह लोकसभा सीटों के लिए अपने कैंडिडेटों की घोषणा कर दी है। मुलायम सिंह यादव मैनपुरी से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा मुलायम सिंह के भाई और सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव के लड़के अक्षय यादव फिरोजाबाद से और उनके भतीजे धर्मेंद्र यादव बदायूं से प्रत्याशी होंगे। पहली सूची के छह प्रत्याशियों में इटावा से कमलेश कठेरिया, बहराइच लोकसभा क्षेत्र से शाबिर वाल्मीकि और रॉबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र से भाई लाल का नाम शामिल है।

Samajwadi Party releases first list of 6 candidates for Lok Sabha polls. Mulayam Singh Yadav to contest from Mainpuri. pic.twitter.com/KUiQdNIOjR

— ANI UP (@ANINewsUP) March 8, 2019 Posted By: Mukul Kumar