आरटीओ में स्पीड गवर्नर पर हो रही अवैध वसूली

राष्ट्रीय बजरंग दल ने भ्रष्टाचार पर अधिकारी बनाए बंधक

आगरा। आरटीओ में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता का आक्रोश फूट पड़ा। अधिकारियों को तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान कोई कार्य नहीं हो सका। इसी बीच पहुंचे राष्ट्रीय बजरंग दल के संयोजक गोविंद पाराशर ने अधिकारियों का घेराव करते हुए मांग रखी कि 24 घंटे के अंदर अगर आरआई को निलंबित नहीं किया तो फिर से आरटीओ का घेराव किया जाएगा।

स्पीड गवर्नर पर हो रही अवैध वसूली

स्पीड गवर्नर के बगैर वाहन की फिटनेस नहीं मिलेगी। बुधवार को कुछ लोग स्पीड गवर्नर लगवाने के लिए आरटीओ ऑफिस पहुंचे थे। वहां पर स्पीड गवर्नर की 2500 रुपये की रसीद दी जा रही थी और वसूले जा रहे थे पांच हजार रुपये। इसे लेकर विरोध किया तो तो कहा गया कि 1500 रुपये आरआई के लिए जाते हैं। इसके अलावा अन्य खर्च भी हैं। इसे लेकर विवाद हो गया। अवैध वसूली की जानकारी राष्ट्रीय बजरंग दल के नेता गोविंद पाराशर को दी गई। वे दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ वहां पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि जितने की रसीद दी जा रही है, उतने ही तो पैसे दिए जाएंगे। रसीद के अतिरिक्त किस बात के पैसे वसूले जा रहे हैं। इसका आरटीओ में मौजूद किसी अधिकारी पर कोई जवाब नहीं था। उन्होंने आरटीओ आफिस में डेरा डाल दिया। अन्य अधिकारियों का घेराव कर लिया।

कराई जाएगी जांच

जानकारी होने पर आरटीओ पहुंच गए। गोविंद पाराशर ने उनसे कहा कि इतना भ्रष्टाचार क्यों है। इस पर उन्होंने कहा कि इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने आरआई को निलंबित करने की मांग की। इस पर आरटीओ ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कराई जाएगी। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी। वहीं राष्ट्रीय बजरंगदल के नेता गोविंद पाराशर ने कहा कि अगर 24 घंटे के अंदर कार्रवाई नहीं हुई तो आरटीओ में ताला बंदी कर दी जाएगी। जिसकी जिम्मेदारी आरटीओ कार्यालय की होगी।

हर पटल पर होती है वसूली

गोविंद पाराशर ने बताया कि हर पटल पर वसूली होती है। आरटीओ में जितना भ्रष्टाचार है,उतना और कहीं पर नहीं है। आम व्यक्ति परेशान है। उन्होंने कहा कि अगर भ्रष्टाचार खत्म नहीं हुआ तो इसके लिए संघर्ष किया जाएगा, लेकिन जनता को किसी कीमत पर ठगने नहीं दिया जाएगा।

Posted By: Inextlive