सरधना थानाक्षेत्र में शुक्रवार देर रात दबोचे गोतस्कर

सिविल लाइंस पुलिस ने फरीदाबाद के वांटेड को दबोचा

Meerut। शुक्रवार रात्रि दो अलग-अलग स्थानों पर पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर हुआ। सरधना क्षेत्र में रोड होल्डअप की फिराक में लगे गोतस्करों से हुए एनकाउंटर में एक बदमाश और दरोगा को भी गोली लग गई। जिसके बाद पुलिस ने चार गोतस्करों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, सिविल लाइन क्षेत्र में हुए एनकाउंटर में फरीदाबाद से वांटेड चल रहे बदमाश को गोली लगने के बाद दबोचा गया।

एनकाउंटर के बाद पकड़े गोतस्कर

एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि सरधना क्षेत्र के कालंद रोड पर शुक्रवार रात करीब ग्यारह बजे कुछ बदमाशों के होने की सूचना मिली। सरधना पुलिस पहुंची तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी देहात ने बताया कि गोतस्कर असलम, नौशाद, कदीर, शाहरुख निवासी खिर्वा जलालपुर को पकड़ा है। एनकाउंटर के दौरान असलम की गोली से एसआई विकास चौहान घायल हो गए।

वांटेड को दबोचा

वहीं सिविल लाइन के यादगारपुर में हुए दूसरे एनकाउंटर में पुलिस के मुताबिक बदमाश दानिश को रुकने के लिए कहा किंतु उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दानिश के पैर में गोली लगी है। दानिश को मेडिकल में भर्ती कराया गया। एसपी सिटी रणविजय सिंह भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी की। बदमाश से पूछताछ के बाद सिविल लाइन इंस्पेक्टर नीरज मलिक ने बताया कि 48 लाख रूपये कैश चोरी के मामले में दानिश फरीदाबाद से वांटेड चल रहा था।

क्राइम ब्रांच प्रभारी को गोली लगी

वहीं, दिल्ली में पचास हजारी इनामी बदमाश और मेरठ क्राइम ब्रांच टीम की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान क्राइम ब्रांच के प्रभारी जयवीर सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बदमाश भी मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार मेरठ क्राइम ब्रांच पिछले काफी समय से पचास हजार के इनामी बदमाश शाहनवाज के पीछे लगी थी। शुक्रवार को शाहनवाज की लोकेशन दिल्ली में मिलने के बाद मेरठ क्राइम ब्रांच ने दिल्ली में अपना जाल बिछाया। देर रात करीब 2:30 बजे दिल्ली के तीमारपुर क्षेत्र में क्राइम ब्रांच की टीम ने शाहनवाज को घेर लिया। जिसके बाद दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गईं। एनकाउंटर के दौरान एक गोली क्राइम ब्रांच के प्रभारी के पैर में लगी, जिससे वे गंभीर घायल हो गए। घटना की जानकारी पर देर रात ही एसपी सिटी रणविजय सिंह और एएसपी सतपाल आंतिल दिल्ली रवाना हो गए। क्राइम ब्रांच के प्रभारी को गाजियाबाद के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है।

Posted By: Inextlive