डेयरी खाली करवाने गई टीम के साथ लोगों ने की अभद्रता, हड़कंप

नगर निगम की टीम ने थाना सिविल लाइन में डेयरी संचालकों के खिलाफ दी तहरीर

Meerut डेयरी खाली करवाने गई नगर निगम की टीम को गुरुवार को डेयरी संचालकों ने दौड़ा दिया। संचालकों के समर्थन में आएं आसपास के लोगों ने टीम के खिलाफ नारेबाजी शुरु कर दी। इस दौरान जैसे ही संचालकों का चालान काटा लोगों ने टीम के साथ अभद्रता शुरु कर दी। हालात बिगड़ते देख टीम ने वहां से खिसकने में ही भलाई समझी। हालांकि बाद में थाना सिविल लाइन में डेयरी संचालकों के खिलाफ दी तहरीर गई।

ये है मामला

स्वास्थ्य अधिकारी गजेंद्र सिंह व सूरजकुंड वाहन डिपो प्रभारी अरुण खरखौदिया के नेतृत्व में गुरुवार को पुरानी मोहनपुरी स्थित सीआईडी कार्यालय वाल्मीकि बस्ती के पास डेयरी हटाने पहुंची थी। दीपक पुत्र राजवीर सिंह की डेयरी पर टीम को देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। टीम आगे की कोई कार्रवाई कर पाती, इससे पहले ही दर्जनों लोग डेयरी संचालक दीपक के समर्थन में आ गए और निगम के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी। टीम के साथ धक्का-मुक्की व गाली-गलौच करते हुए संचालकों ने आरोप लगाया कि उन्हें बेवजह सताया जा रहा है। दूध का काम नहीं करने दिया जा रहा है। लोगों में आक्रोश बढ़ता देख टीम उल्टे पैर वापस हो गई। इसके बाद स्वास्थ्य अधिकारी ने थाना सिविल लाइन में डेयरी संचालकों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं सफाई नायक विजय और सुनील ने भी कई लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने के विरुद्ध तहरीर दी है।

डेयरी संचालकों के खिलाफ केस दर्ज

गुरुवार को निरीक्षण के दौरान नगरायुक्त को डेयरियों के बाहर मवेशी बंधे मिले। 24 घंटे का अल्टीमेटम पूरा होने के बाद भी डेयरी संचालक शहर में जमे हुए हैं। दूसरी ओर कंकरखेड़ा थाने में डेयरी संचालक करमा, नसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया वहीं रेलवे रोड थाने में इकराम, शाहिद, ब्रह्मापुरी थाने में विनोद गिरि, संजय नगर के डेयरी संचालक कालू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

अब रियायत नहीं

नगरायुक्त ने कहा कि अब डेयरी संचालकों के खिलाफ मुकदमा होगा। बता दें कि दो दिन पहले डेयरी संचालकों को 24 घंटे के भीतर डेयरियों को शहर से बाहर करने का अल्टीमेटम दिया गया था। गुरुवार को नगर आयुक्त समेत निगम अधिकारियों की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में डेयरियों का निरीक्षण किया। संजय नगर में नगर आयुक्त मनोज चौहान ने मौके पर जाकर स्थित हो देखा। डेयरियों के बाहर पशुओं को बंधा देख उन्होंने कहा कि अब डेयरी संचालकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई जाएगी।

Posted By: Inextlive