RANCHI: डीएवी पब्लिक स्कूल हेहल रांची में प्रशासनिक भवन का उद्घाटन डीएवी कॉलेज प्रबंधन समिति, नई दिल्ली के यशस्वी प्रधान, आर्यरत्न पद्मश्री से सम्मानित पूनम सूरी के करकमलों द्वारा शाम पांच बजे हुआ। इस अवसर पर बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मौके पर डीएवी कॉलेज प्रबंधन समिति, नई दिल्ली के अधिकारीगण जेके कपूर, सचिव आरके लीखा, सचिव महेश चोपड़ा, कोषाध्यक्ष एमसी शर्मा, झारखंड राज्य के डीएवी पब्लिक स्कूलों के एलएमसी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य एवं डीएवी स्कूलों के क्षेत्रीय अधिकारी समेत 74 प्राचार्य शिक्षक उपस्थित थे। पूनम सूरी का स्कूल गेट पर भव्य स्वागत किया गया। आर्य समाज रांची की प्रधाना सुशीला गुप्ता ने कहा कि आपके दादा आंनद स्वामी जी से दो बार मिली थी। उनके संस्कार आपमें साफ-साफ़ दिखाई देते हैं।

झारखंड के बच्चे प्रतिभावान

झारखंड राज्य आर्यप्रतिनिधि के प्रधान एवं डीएवी हेहल के स्थानीय समिति के उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश आर्य ने कहा कि डीएवी और आर्य समाज के बीच आपने जो सम्बन्ध स्थापित किया है, उसके लिए आप बधाई के पात्र हैं। वहीं, पूनम सूरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि झारखंड राज्य केवल खनिज सम्पदाओं का राज्य नहीं है अपितु यहां के बच्चे प्रतिभावान हैं। जब सीबीएसई बोर्ड का परीक्षा परिणाम आता है तब मैं पूरे भारत के स्कूलों का विश्लेषण करता हूं और उसमें पाता हूं कि झारखंड राज्य के डीएवी स्कूलों के बच्चों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। यहां के प्राचार्य, शिक्षक सभी धन्यवाद के पात्र हैं, क्योंकि इन्हीं की बदौलत डीएवी स्कूलों का नाम हो रहा है। हम बच्चों की नैतिक शिक्षा पर ज़ोर देते हैं और इसी के कारण हम दूरी शिक्षण संस्थानों से भिन्न है। धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य एमके सिन्हा ने कहा कि श्रद्धेय प्रधानजी की छाया में सम्पूर्ण डीएवी परिवार फल-फूल रहा है। आपने अपना बहुमूल्य समय दिया इसके लिए हम सभी आपके प्रति कृतज्ञ हैं। इसी तरह आप अपना बहुमूल्य समय और मार्गदर्शन देते रहें तो निश्चित ही चहूंदिशी डीएवी की जय-जयकार होगी।

Posted By: Inextlive