RANCHI : सिटी में डेंगू और चिकनगुनिया के डंक से लोग परेशान हैं। अब ये दोनों ही बीमारियां सिटी में अपने पैर पसारने लगी हैं। एक ओर चिकनगुनिया के मरीज मिलने के बाद सैंपल टेस्ट के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं दूसरी ओर रिम्स में डेंगू के दर्जनों मरीजों का इलाज भी जारी है। यह देखते हुए हेल्थ डिपार्टमेंट ने कमर कस ली है। वहीं लोगों को इससे बचाव की भी जानकारी दी जा रही है, ताकि वे डेंगू-चिकनगुनिया के मच्छरों को पनपने से रोक सकें।

हेल्थ डिपार्टमेंट ने कसी कमर

रिम्स के आइसोलेशन वार्ड में डेढ़ दर्जन मरीजों का इलाज चल रहा है। इसमें एक दर्जन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। वहीं उनका ट्रीटमेंट भी डॉक्टरों ने शुरू कर दिया है। ये सभी मरीज बिहार और झारखंड के अलग-अलग इलाकों से इलाज के लिए रिम्स पहुंचे हैं। ऐसे में मरीजों की संख्या बढ़ने से इनकार नहीं किया जा सकता। इससे पहले किशोरगंज शिवशक्ति नगर में दर्जनों परिवारों के लोग चिकनगुनिया की चपेट में आ चुके हैं। वहीं हेल्थ डिपार्टमेंट ने भी मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सैंपल टेस्ट के लिए भेज दिया है, ताकि बीमारी को तत्काल कंट्रोल करने में मदद मिल सके।

डेंगू व चिकनगुनिया ने बरपाया था कहर

एक महीने पहले चिकनगुनिया और डेंगू ने राजधानी के कई इलाकों में कहर बरपाया था। वहीं कुछेक लोगों की मौत भी हुई थी। इसके बाद हेल्थ डिपार्टमेंट और रांची नगर निगम ने मिलकर डोर टू डोर अभियान चलाया था। वहीं मच्छरों के सोर्स को भी नष्ट किया गया था। बताते चलें कि चिकनगुनिया के सबसे ज्यादा मरीज रांची में मिलने का रिकार्ड बन गया था। वहीं नए मरीज मिलने से संख्या तेजी से बढ़ रही है।

Posted By: Inextlive