-देश-विदेश से पहुंचे लाखों सैलानी, 84 घाटों के साथ ही गंगा पार रेती में होगा दीपदान

-मुख्यमंत्री, राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल व एक्टर अनिल कपूर सहित कई अन्य नामी हस्तियां होंगी शामिल

कार्तिक पूर्णिमा पर शुक्रवार को शहर जगमग दीपों की रोशनी से नहाएगा। देव दीपावली का भव्य आयोजन सभी घाटों, कुंडों व सरोवरों में होगा। इस बार लेजर शो का ट्रायल भी किया जा रहा है। दोपहर बाद हर कदम घाटों की ओर बढ़ेंगे। देश-विदेश के पर्यटकों के अलावा वीवीआईपी सहित जानी मानी हस्तियां भी शामिल होगी। सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ, गवर्नर राम नाइक, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ। महेंद्र नाथ पांडेय, फिल्म स्टार अनिल कपूर सहित कई हस्तियों की मौजूदगी आयोजन को खास बनायेगी। इसके लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था घाटों पर पुलिस के साथ ही आयोजन समिति की ओर से भी की गई है। ड्रोन कैमरे की निगरानी के साथ सीसीटीवी कैमरे से पैनी नजर रखी जाएगी। राजघाट पर मुख्यमंत्री के समक्ष लेजर शो का ट्रायल किया जाएगा। वहीं दशाश्वमेध घाट, तुलसी घाट, अस्सी घाट, अहिल्याबाई घाट, राजा घाट, केदार घाट, पंच गंगा घाट, राम घाट आदि जगहों पर दीप प्रज्ज्वलन, गंगा आरती के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।

16 घाटों पर खास तैयारी

दशाश्वमेध घाट पर पूरे कार्तिक माह तक चले आकाश दीप कार्यक्रम का भव्य समापन होगा। इस दौरान इंडिया घाट के मंच पर शहीदों को नमन किया जाएगा। 1986 से पंचगंगा घाट पर शुरू किए गए देवदीपावली का आज भव्य रूप देखने के लिए पर्यटक नाव, बजड़े पर सवार होते हैं। भक्ति भाव से गंगा आरती में शामिल होने के साथ ही लोग दीप दान करते हैं। 84 घाटों पर दीपोत्सव स्थानीय आयोजक ही करते आ रहे हैं। गंगा पार रेती में भी दीप जलाए जाएंगे। पर्यटन व संस्कृति विभाग की ओर से 16 घाटों को खास तौर से सजाया जाएगा। इन घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।

Posted By: Inextlive