RANCHI: सिटी के बड़े-बड़े शॉपिंग मॉल्स में जिला प्रशासन द्वारा 'दीदी स्टोर' खोलने की तैयारी की जा रही है। रांची डीसी आर महिमापत रे के इस ड्रीम प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने मॉल्स के संचालकों से बातचीत आगे बढ़ाई है। इस स्टोर में जैविक दूध, अनाज, फल, सब्जियां समेत युवाओं के डेली इस्तेमाल की कई वस्तुएं बिकेंगी। इसके संचालन की जिम्मेदारी महिलाओं के सेल्फ हेल्प ग्रुप को सौंपी जाएगी। इस योजना से एक तरफ जहां महिला स्वयं सहायता समूहों को अच्छा व्यवसाय और आय के स्त्रोत खुलेंगे, वहीं दूसरी तरफ रूरल एरिया में जैविक खेती व दूध उत्पादन करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। उनका उत्पाद सीधे 'दीदी स्टोर' में आएगा और उन्हें अपने सामानों का उचित मूल्य मिल पाएगा।

यूथ को अट्रैक्ट करने वाला कूल स्टोर

दीदी स्टोर को युवाओं के लिए आकर्षित करने वाला कूल स्टोर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जैविक अनाज व अन्य खाद्य पदार्थो के साथ-साथ युवाओं के लिए भी कई तरह की वस्तुओं का समावेश किया जाएगा।

फ‌र्स्ट फेज में न्यूक्लियस व हाई स्ट्रीट में स्टोर

जैविक खाद्य पदार्थो की बढ़ती मांग को देखते हुए इसे फ‌र्स्ट फेज में अक्टूबर से दिसम्बर के बीच राजधानी के दो मॉल्स में खोलने का निर्णय लिया गया है। सरकुलर रोड स्थित न्यूक्लियस मॉल व मेन रोड के हाई स्ट्रीट मॉल में दीदी स्टोर खोले जाएंगे। इन मॉल में स्टोर खुलने से सामान का उचित मूल्यांकन हो सकेगा, जिसका सीधा फायदा खेती करने वाले किसानों और स्टोर का संचालन करने वाली महिला ग्रुप को मिलेगा।

हाइवे पर भी मिलेगा जैविक प्रोडक्ट

इसकी शुरुआत हो जाने के बाद दिसम्बर माह तक शहर समेत रूरल एरियाज के कई हिस्सों में दीदी स्टोर खोला जाएगा। जिला प्रशासन की नजर हाइवे पर भी है और ओरमांझी में एक जैविक स्टोर खोलने की तैयार की जा रही है, ताकि शहर में आने वालों तथा शहर से बाहर जाने वालों को भी इसका लाभ मिल सके।

बीमारियों से लोगों को मिलेगा छुटकारा

दीदी स्टोर का सीधा टकराव बीमारियों के साथ होगा। डॉक्टरों का मानना है कि आज की तारीख में सबसे ज्यादा समस्याएं रासायनिक तरीके से की जाने वाली खेती से हो रही हैं। रासायनिक मिलावट वाले अनाजों से लोग लगातार बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में दीदी स्टोर का ताजा व केमिकल रहित फूड प्रोडक्ट इन बीमारियों से लोगों को छुटकारा दिलाएगा।

वर्जन

अक्टूबर से दीदी स्टोर की शुरुआत करने की तैयारी है। इसका फायदा जैविक खेती करने वाले किसानों के साथ महिलाओं के सेल्फ हेल्प ग्रुप को भी मिलेगा। सप्लाई एंड प्रोडक्शन के बीच तालमेल बिठाने की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। फ‌र्स्ट फेज में शहर के बड़े मॉल्स में इसे खोलने का प्रयास है।

आर महिमापत रे, डीसी, रांची

लोगों को इससे काफी बड़ा फायदा मिलेगा। केमिकल मिला अनाज खाना ही बीमारियों की मूल वजह है। ऐसे में यदि दीदी स्टोर जैसे जैविक खाद्य पदार्थो का स्टोर खुलता है, तो लोगों को काफी राहत मिलेगी।

डॉ राजेश कुमार, तान्या मेडिकल, कोकर

Posted By: Inextlive