JAMSHEDPUR: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे दीनानाथ पांडेय पंचतत्व में विलीन हो गए। रविवार को स्वर्णरेखा श्मशान घाट में रीति-रिवाज के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र रामपुकार पांडेय ने मुखाग्नि दी। दीना बाबा के नाम से प्रसिद्ध दीनानाथ पांडेय की अंतिम यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। भारतीय जनता पार्टी और भारतीय मजदूर संघ के झंडे से लिपटे उनका पार्थिव शरीर बिरसानगर स्थित उनके आवास से अंतिम यात्रा निकाली गई। फूलों से सुसज्जित वाहन बिरसानगर के दासपाड़ा से निकलकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निग घाट पहुंची। यहां विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ शहर के हर खासो-आम ने श्रद्धासुमन अर्पित किया।

11 को हुआ था निधन

जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 1977 से 1995 के बीच तीन बार विधायक रहे दीनानाथ पांडेय को श्रद्धासुमन अर्पित करने शहरवासी सड़क पर निकले। झोला में कार्यालय लेकर चलने के लिए विख्यात पूर्व विधायक दीनानाथ पांडेय 'दीना बाबा' के नाम से लोकप्रिय थे। 11 जनवरी को टाटा मुख्य अस्पताल में निधन के बाद रविवार को भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा श्मशान घाट में उनका दाह संस्कार किया गया। दाह संस्कार के दौरान भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा श्मशान घाट में भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, कांग्रेस नेता अजय सिंह, भाजपा नेता विकास सिंह समेत कई राजनीतिक दलों के नेता व शहरवासी मौजूद थे।

नहीं पहुंचे पार्टी के बड़े नेता

तीन बार विधायक रहे भाजपा नेता दीनानाथ पांडेय को अंतिम विदाई देने पार्टी का कोई बड़ा नेता नहीं पहुंचा। राज्य के मुख्यमंत्री, मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री इसी शहर से हैं, जबकि इसी प्रमंडल से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं, लेकिन उनकी अंतिम यात्रा में कोई भी शामिल नहीं हुआ। ऐसे में लोगों के बीच कई प्रकार की चर्चा चल रही थी।

श्रद्धासुमन अर्पित करने उमड़ी भीड़

पूर्व विधायक दीनानाथ पांडेय के अंतिम यात्रा के पूर्व उनके आवास पर श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों की भीड़ लगी रही। अनके आवास के साथ ही अंतिम यात्रा के दौरान लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने टेल्को ग्वाला बस्ती के पास स्थित चौक में उन्हें श्रद्धांजलि दी। दिवंगत दीनानाथ पांडेय को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में राज्यसभा के पूर्व सदस्य प्रदीप कुमार बलमुचू, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्यमंत्री रघुवर दास के विधायक प्रतिनिधि पवन अग्रवाल, भारतीय मजदूर संघ के कृष्णा सिंह, झाविमो के केंद्रीय महासचिव अभय सिंह और जिलाध्यक्ष बबुआ सिंह, कांग्रेस नेता आनंद बिहारी दूबे, झामुमो जिलाध्यक्ष रामदास सोरेन, झारखंड पीपुल्स पार्टी के सूर्य सिंह बेसरा, जिला परिषद सुनीता साह, टेल्को वर्कर्स यूनियन के पूर्व महामंत्री चंद्रभान सिंह, अमरप्रीत सिंह काले, संजीव सिंह, दीपक झा, जयनारायण सिंह, ब्रह्मदेव नारायण शर्मा, खेमलाल चौधरी, चंद्रशेखर मिश्रा, कुलवंत सिंह बंटी, सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह, विनोद सिंह, चितरंजन वर्मा, विकास सिंह समेत कई लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

भाजपाइयों ने दी श्रद्धांजलि

दीनानाथ पांडेय को जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के भाजपाइयों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा जिला कार्यालय में उनका अंतिम दर्शन करने वालों में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक प्रतिनिधि चितरंजन वर्मा, जिला प्रवक्ता दीपक पारीक, अजय श्रीवास्तव, हरेंदर पांडेय, कमल किशोर, गोपाल जायसवाल, सुररंजन राय, राजेश साव, अनिमेष सिन्हा, मनोज सिंह सहित सभी मंडल अध्यक्ष व सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

ब्राह्माण समाज ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व विधायक दीनानाथ पांडेय को ब्राह्माण समाज ने भी श्रद्धांजलि दी। बिरसानगर आवास से निकली शवयात्रा में समाज के अप्पू तिवारी, अभिषेक ओझा, निर्मल दीक्षित, अरुण शुक्ला, धर्मवीर पांडेय, अंकितआनंद, नीरज दुबे, कमलेश दुबे, राकेश चौबे, प्रमोद पांडेय, गौतम दुबे, पप्पू उपाध्याय, ध्रुव मिश्रा, विजय शंकर पाठक, संतोष तिवारी, सत्यम पांडेय, सूरज ओझा, चंदन ओझा समेत हजारों लोग शामिल थे।

Posted By: Inextlive