- पीपीगंज के प्रसिद्ध समाजसेवी पर कसा शिकंजा

- अवैध असलहे संग पुलिस ने किया अरेस्ट

GORAKHPUR: पीपीगंज एरिया के समाजसेवी का स्वांग रचाने वाला डिस्को 11वीं बार पकड़ा गया। फायरिंग के आरोप में पुलिस ने अवैध असलहे के साथ शातिर को अरेस्ट किया। एसएसपी प्रदीप कुमार ने यह जानकारी दी। बताया कि फायरिंग के अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।

वर्चस्व बढ़ाने को मोहल्ले में की फायरिंग

सहजनवां एरिया के नेउस निवासी प्रतीत कुमार की रिश्तेदारी भीटीतिवारी गांव में है। 28 मई की शाम प्रतीत अपने मित्र के साथ बहन की ससुराल गया। रात में करीब आठ बजे वह लौट रहा था। तभी डिस्को तिवारी के घर में बंधा कुत्ता भौंकने लगा। प्रतीत और उसके साथियों ने कुत्ते को डांटा तो विवाद हो गया। कहासुनी होने पर पहुंचे डिस्को ने हवा में गोलियां दागी। पुलिस के पहुंचने के पहले डिस्को उर्फ धीरेंद्र मोहन अपने सहयोगियों के साथ फरार हो गया।

नयनसर तिराहा से पुलिस ने किया अरेस्ट

डिस्को तिवारी की दबंगई को पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से लिया। मंडे दोपहर पीपीगंज के एसओ उपेंद्र कुमार, कांस्टेबल मनोज कुमार, रुद्र प्रताप सिंह और अशोक के साथ गश्त पर निकले। तभी सूचना मिली कि शातिर डिस्को नयनसर चौराहे पर है। पुलिस उसको अरेस्ट कर लिया। उसके पास से एक तमंचा और तीन कारतूस बरामद हुआ। पुलिस से पूछताछ में उसने खुद को समाजसेवी बताया। एक एनजीओ से जुड़ा डिस्को जंगल कौडि़या ब्लाक की राजनीति में सक्रिय है। पुलिस को बताया कि इसके पहले वह 10 बार जेल जा चुका है।

असलहा तस्करी से पुलिस रिकॉर्ड में हुआ शामिल

भीटीतिवारी निवासी डिस्को तिवारी उर्फ धीरेंद्र मोहन अवैध असलहा के साथ वर्ष 2008 में पकड़ा गया। डिस्को के खिलाफ पीपीगंज थाना में हत्या, हत्या के प्रयास, आ‌र्म्स एक्ट के 15 मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2011 में होली के दिन मर्डर करके डिस्को ने सनसनी फैला दी। मर्डर के आरोप में पुलिस ने उसको अरेस्ट करके जेल भेजा। जेल से छूटने के बाद वह नेताओं के साथ जुड़ गया। मोबाइल टावर संचालकों और पीपीगंज के व्यापारियों से रंगदारी मांगने की शिकायतें भी सामने आई। एक बसपा नेता ने डिस्को तिवारी की खूब मदद की। इससे उसको हर बार मदद मिलती रही।

फायरिंग के अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। डिस्को तिवारी के मददगारों पर भी कार्रवाई की जाएगी। डिस्को को अरेस्ट करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार का इनाम दिया गया है।

प्रदीप कुमार, एसएसपी

Posted By: Inextlive