- कुत्ता पार्क के पास फोटो क्लिक करते समय कुत्ते ने बोला हमला

आगरा। ताज पर कुत्ते, बंदर व अवारा जानवरों का आतंक खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। सोमवार दोपहर को कुत्ता पार्क के पास फोटो क्लिक कर रही एक विदेशी टूरिस्ट को कुत्ते ने काट लिया। इसके चलते अन्य टूरिस्ट दहशत में नजर आए। इस दौरान विदेशी टूरिस्ट का टूर भी प्रभावित रहा।

लगवाया एंटी रैबीज का इंजेक्शन

फ्रांस की 37 वर्षीय एल्सा सोमवार को आगरा आयी थी। वह सवा तीन बजे ताज का दीदार करने पहुंची। वह कुत्ता पार्क के समीप घूम रही थी, इसी दौरान कुत्ते ने उसे काट लिया। इस दौरान वह दर्द से कराहती हुई पास ही के क्लीनिक पर पहुंची। यहां उसने एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाया। इसके बाद वह होटल में पहुंची। उन्हें शाम को ही वाराणसी के लिए निकलना था, लेकिन उनका टूर कुत्ते के काटने से प्रभावित हो गया। डॉक्टरों ने उन्हें बुधवार को पुन: जांच के लिए बुलाया है।

मथुरा में गाय, आगरा में बंदर और कुत्ते

एल्सा ने बताया कि यहां जानवरों की समस्या अधिक है। मथुरा में उन्हें सड़कों पर गायें घूमती मिलीं और आगरा में बंदर व कुत्ते बहुत अधिक हैं। इस स्थिति में सुधार होना चाहिए।

पूर्व में भी हो चुकी हैं घटनाएं

विदेशी पर्यटकों को ताज पर बंदरों द्वारा काटने की कई घटनाएं पूर्व में हो चुकी हैं। इसके बावजूद बंदरों को पकड़ने के लिए कुछ नहीं किया गया। 21 नवंबर को ताज पश्चिमी गेट पर इटली की पर्यटक मरियम को बंदर ने काटा था। इससे पूर्व जुलाई में ताजमहल के अंदर फ्रांस की दो पर्यटकों को बंदरों ने काट लिया था।

सीआइएसएफ ने दीं जवानों को गुलेल

बंदरों को नहीं पकड़े जाने और उनका आतंक बढ़ते जाने पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) द्वारा जवानों को गुलेल दी गई हैं। इनसे वो बंदरों को भगाते हैं। ताजगंज के निवासी भी बंदरों को गुलेल से भगाते हैं।

Posted By: Inextlive