PATNA: सितंबर महीने से एक-एक घर से कचरा उठा पाने के दावे पर फेल नगर निगम ने अक्टूबर महीने से इस योजना को लागू करेगा। निगम ने सभी पार्षदों को भरोसा दिलाया है कि शहर को कचरे की समस्या से दूर की जाएगी और दो अक्टूबर से एक-एक घर से कचरा कलेक्ट किया जाएगा। यह कचरा निगम द्वारा बनाए गए कचरा घर तक पहुंचाया जाएगा। जहां सॉलिड वेस्ड मैनेजमेंट के तहत उसका निस्तारण किया जाएगा। यह पूरा दावा नगर निगम के आयुक्त अनुपम सुमन ने किया है। उन्होंने यह भी कहा कि सितंबर माह तक एक-एक घर से कचरा कलेक्ट करने का प्लान था। जिसमें नगर निगम असफल हो चुका है। लेकिन निगम की मंशा है कि दो अक्टूबर से इस प्लान को मूर्तरूप दे दिया जाए।

निगम की तैयारी

नगर निगम के आयुक्त अनुपम सुमन ने कहा है कि करीब 100 करोड़ की लागत से जल्द ही वाहन और उपकरण नगर निगम को प्राप्त हो जाएंगे। इसके बाद वार्डो में सुचारू रूप से सफाई को अंजाम दिया जा सकेगा। हर वार्ड में नियमित ढंग से सफाई करवाई जाएगी। इसमें कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित होगी। वे रोस्टर के अनुसार वार्डो की सफाई करेंगे। इसी के साथ छोटे ऑटो टीपर के सहारे एक-एक घर से कचरे का कलेक्शन किया जाएगा।

पांच जोन में बांटे जाएंगे वार्ड

शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए नगर निगम ने तैयार कार्य योजना में एक वार्ड को पांच जोन में बांटने का निर्णय लिया है। प्रत्येक जोन में चार से छह कर्मचारी की ड्यूटी होगी। वे रोस्टर के अनुसार सफाई करेंगे और घरों से कचरा कलेक्ट करेंगे।

कर्मचारियों की भर्ती की तैयारी

आबादी में वृद्धि के साथ नगर निगम में कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं की गई। जिसकी वजह से वार्डो का विस्तार तो हुआ लेकिन कर्मचारी संख्या नहीं बढ़े। इसलिए पटना नगर निगम ने निर्णय लिया है कि करीब चार हजार सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति संविदा के आधार पर की जाए। इसके लिए निगम ने एजेंसी हायर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Posted By: Inextlive