-राज्य महिला आयोग की सदस्य के सामने महिलाओं ने रखी अपनी समस्याएं

-लोगों की उपस्थिति कम होने पर सदस्य ने अधिकारियों को लगाई फटकार

PRAYAGRAJ: घरेलू हिंसा व दहेज उत्पीड़न के साथ ही अन्य उत्पीड़न की शिकार महिलाओं को अधिकार व न्याय दिलाने के लिए महिला जन सुनवाई बुधवार को सर्किट हाउस में आयोजित की गई। अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अनीता सिंह ने की। उन्होंने महिलाओं की शिकायत सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।

लापरवाही करने वालों पर सख्ती

महिला आयोग की सदस्य ने महिला जनसुनवाई की सूचना समय से न दिये जाने पर प्रोबेशन विभाग के अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने एडीएम प्रशासन वीएस द्रुबे से कहा कि इसमें लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सुनवाई के दौरान महिला उत्पीड़न के लम्बित प्रकरणों पर महिला आयोग की सदस्य ने नाराजगी जताई।

यह मामले आए सामने

1. आरती कन्नौजिया पत्नी अजय कुमार कन्नौजिया निवासी कीडगंज ने दहेज उत्पीड़न तथा आर्थिक व मानसिक रूप से प्रताड़ना की शिकायत की। सदस्य ने संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रयागराज को मामले में विधिक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आदेश दिया।

2. पड़ोसी कर रहे मकान पर कब्जा

करेली निवासी ममता तिवारी पत्नी नवीन बाजपेई ने भी अपने ऊपर दहेज उत्पीड़न एवं मानसिक प्रताड़ना किये जाने की शिकायत की। जांच का आदेश दिया गया।

3. जुबैदा खातून पत्नी मुजाहित हुसैन निवासी अलीगंज प्रयागराज ने अपने भवन परिसर पर पड़ोसियों द्वारा जबरन कब्जे की शिकायत की। महिला आयोग की सदस्य ने सम्बन्धित पुलिस अधिकारी को निर्देशित किया कि मौके पर जाकर मामले का निस्तारण कराएं।

4. वीणा देवी पत्नी महेश प्रसाद निवासी थरवई ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले आवास पर कुछ व्यक्तियों द्वारा कब्जा किये जाने की शिकायत की।

5. सुमन देवी पत्नी अमरजीत निवासी थरवई ने दबंगों द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत की। सम्बन्धित अधिकारियों को मामलों का निस्तारण कर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया।

Posted By: Inextlive