- वेस्ट यूपी को तरजीह, आठ में से चार का यहीं से ताल्लुक

Meerut: समाजवादी पार्टी ने रविवार को विधान परिषद सदस्यों का ऐलान कर दिया। पार्टी ने बीते लोकसभा चुनावों से सबक लेते हुए पूरी तरह से कास्ट-कैमिस्ट्री पर फोकस किया है। मेरठ से जहां डॉ। सरोजिनी अग्रवाल को फिर से नामित किया गया है तो वहीं मुजफ्फरनगर, मुरादनगर और सहारनपुर को प्रतिनिधित्व देते हुए पार्टी ने वेस्ट यूपी को तवज्जो दी है।

वैश्य बिरादरी को तरजीह

मेरठ से समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता डॉ। सरोजिनी अग्रवाल का दबदबा इस बार भी कायम रहा। नगर विकास मंत्री और पार्टी के कद्दावर नेता आजम खां व लोक निर्माण मंत्री मंत्री शिवपाल यादव की नजदीकी मानी जाने वाले डॉ। सरोजिनी फिर से एमएलसी बनने में कामयाब हो गयीं। पार्टी ने कास्ट-कैमिस्ट्री पर फोकस करते हुए मेरठ से जहां वैश्य बिरादरी को तरजीह देते हुए फिर से डॉ। सरोजिनी अग्रवाल पर दांव खेला तो वहीं मुजफ्फरनगर से गुर्जर और सहारनपुर से सैनी समाज को प्रतिनिधित्व दिया गया है।

डॉ। सरोजिनी की साफ-स्वच्छ व सामाजिक छवि ने पार्टी आलाकमान को अपने पक्ष में बनाए रखा। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ। सरोजिनी लंबे अरसे से समाजवादी पार्टी से जुड़ी हुई हैं। वह पार्टी में राष्ट्रीय महासचिव जैसी जिम्मेदारी भी निभा चुकी हैं। इनके अलावा जिला पंचायत में उनके परिवार का दबदबा रहा। वह स्वयं और उनके जेठ दयानंद गुप्ता जिला पंचायत अध्यक्ष रहे।

पार्टी ने सैनी, गुर्जर, राजभर आदि बिरादरियों को प्रतिनिधित्व देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सियासी गोटियां बिछा दी हैं। मुजफ्फरनगर के कांधला से वीरेंद्र गुर्जर और सहारनपुर से साहब सिंह सैनी नए चेहरे होने के बावजूद पार्टी की पसंद बने हैं। उधर, एटा से रमेश यादव व स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन, आजमगढ़ से रामजतन राजभर व हरदोई से अशोक वाजपेयी को प्रतिनिधित्व दिया गया है। इनके अलावा यशवंत सिंह का कार्यकाल अभी बचा होने के बाद भी मुरादनगर के आशु मलिक के नाम पर पार्टी में आम सहमति बनी है।

दूसरी ओर डॉ। सरोजिनी अग्रवाल ने फिर से एमएलसी बनने पर इसे जनता का प्यार और विश्वास करार दिया। उन्होंने कहा कि साफ और स्वच्छ राजनीति के बल पर पार्टी का विश्वास जीता, यह कायम रहे इसके लिए निरंतर कार्य करती रहूंगी।

Posted By: Inextlive