किदवईनगर स्थित रेस्टोरेंट में चल रही थी रेव पार्टी

-मेजपोश लपेटकर भागी कुछ लड़कियां, कुछ बचने के लिए बाथरूम में घुस गए

-पुलिस ने 35 लड़के और एक दर्जन लड़कियां पकड़ी, बस से थाने ले जाया गया

-लड़के-लड़कियों को परिजनों के सुपुर्द किया गया, संचालकों पर कार्रवाई

KANPUR : दिल्ली और मुंबई की तर्ज पर शहर में भी रेव पार्टियां हो रही हैं। इसका खुलासा गुरुवार को उस समय हुआ जब पुलिस ने किदवईनगर स्थित रेस्टोरेंट में छापा मारा। वहां पर बालिग और नाबालिग लड़के-लड़कियां नशे में धुत होकर अश्लील हरकतें कर रहे थे। कुछ लड़के-लड़कियां तो नग्न हालत में मिले। पुलिस के छापे से वहां पर भगदड़ मच गई। पुलिस से बचने के लिए एंकर समेत कुछ लड़के-लड़कियां वहां से भाग गए तो कुछ बाथरूम समेत अन्य रूम में जाकर छिप गए। पुलिस ने उनको बाहर निकाला तो वे मेजपोश, चादर समेत अन्य कपड़ों से शरीर को ढके थे। पुलिस ने रेव पार्टी के संचालक समेत तीन दर्जन से ज्यादा लड़के-लड़कियों को पकड़ा है। पुलिस नाबालिग लड़के-लड़कियों को परिजनों के सुपुर्द कर पार्टी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

दोपहर 12 बजे पाटीर् शुरू हुई

किदवईनगर के के-ब्लॉक में द बर्न रेस्टोरेंट है। गुरुवार को यहां पर लास्ट समर पार्टी के नाम से रेव पार्टी चल रही थी। इस पार्टी को इमरान सिद्दीकी, ध्रुव ठाकुर, विशाल यादव और अंकुर दीक्षित ने आर्गनाइज किया था, जिसमें मेंबर्स को इंट्री के लिए पास जारी किए गए थे। दोपहर बारह बजे पार्टी शुरू हुई थी। जिसमें लग्जरी कारों से लड़के-लड़कियां पहुंची थी। इसमें ज्यादातर लड़के-लड़कियां नाबालिग थीं। इलाकाई लोगों के पूछने पर रेस्टोरेंट संचालक ने बर्थडे पार्टी का बहाना बना दिया, लेकिन जब नशे में धुत लड़के-लड़कियों को रेस्टोरेंट से बाहर निकले देखा तो इलाकाई लोगों को शक हुआ। उनकी सूचना पर पुलिस ने रेस्टोरेंट में छापा मारा तो वहां पर नशाखोरी के साथ ही अश्लीलता हो रही थी। कुछ लड़के-लड़कियां तो नग्न हालत में थे। पुलिस को देखते ही वहां पर भगदड़ मच गई। कुछ लड़के-लड़कियां वहां से भाग गए, जबकि कुछ पुलिस से बचने के लिए बाथरूम समेत अन्य कमरों में छिप गए। पुलिस ने उनको बाहर निकालकर हिरासत में लेकर थाने ले गई। जहां परिजनों को बुलाकर लड़के-लड़कियों को उनके सुपुर्द कर दिया गया।

--------------------

एक से पांच हजार का पास

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि रेव पार्टी संचालकों ने कमाई करने के लिए पार्टी के पास जारी किए थे। जिनकी कीमत एक हजार रुपए से पांच हजार रुपए तक थी। इसके अलावा एक वीआईपी पास था। जिसकी कीमत दस हजार रुपए थी। वीआईपी पास में ड्रिंक से लेकर रूम तक सुविधा उपलब्ध थी, जबकि अन्य पास सामान्य थे।

----------------

शराब व सूखे नशे का इंतजाम

रेव पार्टी में संचालकों ने बीयर और शराब से लेकर सूखे नशे का इंतजाम किया गया था। सूखे नशे में चरस और स्मैक की व्यवस्था की गई थी। पुलिस ने जब छापा मारा था तो लड़के-लड़कियां नशे में धुत थे। कुछ शराब पी रहे थे तो कुछ चरस और स्मैक के नशे में धुत थे। इसके अलावा दिल्ली में दो एंकर समेत कुछ काल गर्ल को भी बुलाया गया था।

-----------------

फेसबुक से रैकेट चलाते हैं

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि रेव पार्टी संचालक फेसबुक में कॉन्वेंट और कॉलेज के लड़के-लड़कियों को फ्रैंड बनाते हैं। इसके बाद वो उनको पार्टी के लिए ऑफर करते हैं। वे उनको व्हॉट्सएप में पार्टी की फोटो भेजते हैं। जब वो उनके जाल में फंस जाता है तो वे उनको पास बेचते हैं। पार्टी में वे लड़कियों को नशे में करके उनका फायदा उठाते हैं।

Posted By: Inextlive