आनंद भवन के ठीक सामने स्थित पार्क में कोलकता के पचास कलाकार तैयार कर रहे हैं आकर्षक पंडाल

ALLAHABAD: शहर में दुर्गा पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाने की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। डेढ़ सौ वर्षो से भी अधिक की इलाहाबाद की सबसे पुरानी कर्नलगंज बारवारी दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से इस बार दुर्गा पूजा महोत्सव के लिए विशेष तौर से कोलकता के प्रख्यात कालीघाट मंदिर की तर्ज पर पूजा पंडाल बनवाया जा रहा है। इसे पिछले दो महीने से कोलकता से बुलाए गए पचास कलाकारों द्वारा अब अंतिम रुप दिया जा रहा है। कमेटी के सचिव आलोक रॉय की मानें तो आठ लाख की लागत से बनाए जा रहे पंडाल में कोलकता के अन्य मंदिरों का भी एहसास भक्तों को होगा।

वाटर प्रूफ पंडाल में विराजेंगी मां दुर्गा

दुर्गा पूजा पार्क में जो पंडाल तैयार कराया जा रहा है उसका काम दो दिनों में समाप्त हो जाएगा। इस बार मां दुर्गा की दस फीट की प्रतिमा का आकर्षण दिखाई देगा। पंडाल को सुरक्षित रखने के लिए उसे वाटर प्रूफ किया जाएगा। जबकि सुरक्षा की दृष्टि से पंडाल में पांच अग्निशमन यंत्र और परिसर में चार सीसीटीवी कैमरा लगाने की तैयारी की गई है।

आनंद मेला से होगा शुभारंभ

कर्नलगंज बारवारी दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा पार्क परिसर में छह दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ चौदह अक्टूबर को होगा। कमेटी के अध्यक्ष केस्टो भद्रा ने बताया कि पहले दिन आनंद मेला का आयोजन किया जाएगा। इसमें महिलाओं व छोटे-छोटे बच्चों के लिए खानपान के एक दर्जन स्टाल और झूलों की व्यवस्था कराई जाएगी। महोत्सव का समापन 19 अक्टूबर को दशमी पूजा के साथ किया जाएगा।

किस दिन कौन सा आयोजन

15 : षष्ठी पूजा, महिषासुर मर्दिनी का मंचन व आमंत्रण और अधिवास।

16 : महासप्तमी पूजा, पुष्पांजलि, प्रसाद वितरण, भोग वितरण, संध्या आरती व सांस्कृतिक कार्यक्रम

17 व 18 : महाअष्टमी व नवमी पूजा, पुष्पांजलि, प्रसाद वितरण, संधि पूजा व संध्या आरती

19 : दशमी पूजा, दर्पण विसर्जन व दधि कर्मा, सिंदूर अनुष्ठान, विसर्जन व शांति जल कार्यक्रम

कर्नलगंज बारवारी प्रदेश की सबसे पुरानी बारवारियों में से एक है। इस बार 166वें वर्ष का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का आयोजन पूरी तरह से पारंपरिक तरीके किया जाएगा। कोलकता के कलाकारों द्वारा पंडाल बनवाया जा रहा है।

आलोक रॉय, सचिव, कर्नलगंज बारवारी दुर्गा पूजा कमेटी

Posted By: Inextlive