- पड़ोसी लड़की का शारीरिक और मानसिक शोषण करने का आरोप

- महिला थाने में आरोपी समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज

आगरा। सिटी के फेमस एजुकेशन इंस्टीट्यूट संचालक के बेटे के खिलाफ महिला थाने में शारीरिक शोषण के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर पिछले कई वर्षाें से शोषण करता रहा। मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी।

15 साल की थी

थाना न्यू आगरा मऊ रोड निवासी गायत्री (सभी काल्पनिक नाम) ने तहरीर में कहा है कि सन् 2009 में वह 15 साल और पड़ोसी गौरव सिंह 23 वर्ष का था। वह अपने घर में गौरव के भतीजे-भतीजी के साथ खेल रही थी। आरोप है कि युवक बच्चों को लेने के बहाने घर में आया। उससे दुराचार किया।

जान से मारने की धमकी

होश आने पर युवक ने गायत्री को जान से मारने की धमकी देकर मुंह बंद करा दिया। इसके बाद वह एक साल तक उसका शारीरिक और मानसिक शोषण करता रहा। गायत्री मुंह नहीं खोल दे, इसे लेकर आरोपी युवक ने उसे प्यार करने का भरोसा दिलाया। सही वक्त पर परिवार से बात कर उसे अपनाने की बात कही।

माइग्रेन की शिकार हो गई

पीडि़ता के मुताबिक वह सन् 2013 में पड़ने के लिए शिमला गई तो मोबाइल पर आरोपी धमकी भरे कॉल करने लगा। इससे वह माईग्रेन की शिकार हो गई। परिजनों ने दिल्ली में उसका उपचार कराया। सूत्रों के अनुसार गायत्री शिमला में बीटेक की पढ़ाई कर रही है। वहां गायत्री शोषण के चलते डिप्रेशन में रहती। डिप्रेशन में आकर सुसाइड की कोशिश भी की, लेकिन वहां कॉलेज प्रिंसिपल ने सुसाइड करते देख लिया। प्रिंसिपल ने उसे सुसाइड करने से रोक दिया। साथ ही प्रिंसिपल ने आगरा के एसएसपी को कॉल करके घटना से भी अवगत कराया।

मई में दी परिजनों को जानकारी

परेशान गायत्री ने इसी वर्ष मई में मामले की जानकारी परिजनों को दी। बेटी की आपबीती सुन परिवारीजनों के होश उड़ गए। उन्होंने बेटी की जिंदगी बनाने के लिए आरोपी के परिवार से शादी की बात की। आरोप है दूसरे पक्ष ने गायत्री के साथ बदसलूकी की, जान से मारने की कोशिश की।

पीडि़ता ने कराया मुकदमा दर्ज

पीडि़ता शिकायत लेकर एसएसपी के पास पहुंची। यहां से महिला थाने आई। पीडि़ता ने आरोपी समेत आठ लोगों पर मुकदमा पंजीकृत कराया है।

Posted By: Inextlive