अमेरिका में सार्वजनिक स्थान पर नशेबाजी करने के संदेह में पेरू के पूर्व राष्ट्रपति एलेजांद्रो टोलेडो को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें एक रात जेल में बितानी पड़ी। हालांकि सोमवार को उन्हें छोड़ दिया गया।


सैन फ्रांसिस्को (एपी)। पेरू के पूर्व राष्ट्रपति एलेजांद्रो टोलेडो को अमेरिका के कैलिफोर्निया में सार्वजनिक जगह पर नशेबाजी करने के संदेह में रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार की सुबह रिहा होने से पहले उन्होंने रात जेल में ही बिताई। बता दें कि एलेजांद्रो टोलेडो कई घोटाले को लेकर अपने देश में वांटेड भी हैं। सैन मैटेओ काउंटी शेरिफ ऑफिस की प्रवक्ता रोजमेरी ब्लांकस्वेड ने सोमवार को बताया कि 72 वर्षीय एलेजांद्रो टोलेडो को सैन फ्रांसिस्को बे एरिया सिटी के नजदीक स्थित एक रेस्तरां में रविवार रात को गिरफ्तार किया गया था। टोलेडो को सोमवार सुबह बिना किसी आरोपों के रिहा कर दिया गया। इसपर, ब्लांकस्वेड ने कहा कि सार्वजनिक जगहों पर नशेबाजी करने वाले अधिकांश लोगों के साथ अमेरिका में ऐसा ही व्यवहार किया जाता है। 2001 से 2006 तक रहे हैं राष्ट्रपति
2007 के सैन फ्रांसिस्को क्रॉनिकल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, टोलेडो 2001 से 2006 तक पेरू के राष्ट्रपति थे और पालो अल्टो में स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में काम और पढाई करने के लिए अपने पद से इस्तीफा देने के तुरंत बाद वह उत्तरी कैलिफोर्निया में शिफ्ट हो गए थे। टोलेडो ने पढाई में डॉक्टरेट की डिग्री और स्टैनफोर्ड से दो मास्टर डिग्री हासिल की है। बता दें कि टोलेडो, पेरू में वांटेड हैं, वहां अधिकारियों ने उन्हें पकड़ने के लिए 30,000 डॉलर का इनाम रखा है। पेरू के वकीलों का आरोप है कि उन्होंने ब्राजील के कंस्ट्रक्शन फर्म ओडेब्रेच से राष्ट्रपति के पद पर रहते हुए 20 मिलियन डॉलर का रिश्वत लिया था। हालांकि, इन आरोपों को टोलेडो ने खारिज कर दिया है।

Peru: पूर्व राष्ट्रपति अल्बर्ट फुजिमोरी को और आठ साल की सजा

Posted By: Mukul Kumar