PATNA : दानापुर रेल मंडल अब मेमू ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को रेडियो पर संगीत भी सुनाएगा। रेल मंडल की ओर से सभी कम्यूटर (मेमू) ट्रेनों में यात्रियों के मनोरंजन के लिए रेडियो की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। शीघ्र ही इस मंडल से खुलने वाली सभी 43 रैकों में रेडियो संगीत की धुन बजेगी। पहले चरण में इस मंडल के 10 कम्यूटर रैक में इस सुविधा को उपलब्ध कराया जा रहा। इसके बाद शेष बचे 33 रैकों में भी इसे शुरू किया जाएगा। दानापुर मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य अधिकारी आधार राज ने बताया कि देश में यह व्यवस्था दानापुर मंडल से शुरू होने जा रही।

- कई सुविधाएं दे रहा रेलवे

आधार राज ने बताया कि महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी के निर्देश पर मंडल रेल प्रबंधक रंजन प्रकाश ठाकुर के नेतृत्व में यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को नई-पुरानी फिल्मों से मनोरंजन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है तो सवारी गाडि़यों में यात्रा करने वाले यात्रियों को अब रेडियो से संगीत सुनाने की तैयारी हो रही है। आधार राज ने बताया कि पहले चरण में 10 मेमू ट्रेनों में यह व्यवस्था शुरू होगी।

Posted By: Inextlive