- डीजल व पेट्रोल के दाम बढ़ने पर ऑटो व मैजिक चालकों ने बढ़ा दिया किराया

- कीमतें घटने के बाद किराया नहीं किया कम, खूब कट रही यात्रियों की जेब

>varanasi@inext.co.in

VARANASI

डीजल और पेट्रोल की कीमतों में बार-बार हो रही बढ़त और घटत की वजह से किराए को लेकर शहर में आए दिन किचकिच हो रही है। डीजल के दाम बढ़े तो ऑटो व मैजिक वालों ने दूरी के हिसाब से दो से पांच रुपये तक किराया बढ़ा दिया। अब जब कीमतें कम हुई तो कम नहीं कर रहे हैं। बढ़ा हुआ किराया ही वसूल रहे हैं। इसकी वजह सले चालकों की यात्रियों से रोज नोंकझोंक हो रही है।

नहीं हो रही निगरानी

किराये पर स्थानीय प्रशासन की कोई निगरानी नहीं है। इसका फायदा वाहन चालक खूब उठाते हैं। जब जी चाहा मनमाना किराया बढ़ा दिया। डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ने पर महंगाई का हवाला देते हुए चालक किराया बढ़ा देते हैं, लेकिन कीमतों में कमी होने पर घटाते नहीं हैं। इससे यात्रियों की खूब कटती है।

बढ़ी ऑटो वाले की मनमानी

बनारस में ऑटो ट्रांसपोटेशन के प्रमुख साधन हैं। बड़ी संख्या में दैनिक यात्री इनका इस्तेमाल करते हैं। कैंट रेलवे स्टेशन या फिर रोडवेज पर उतरने के बाद ऑफिस या गंतव्य तक जाने के लिए ऑटो ही सहारा बनते हैं। इसके अलावा मार्केट या मंदिर आदि जाने के लिए भी इसका इस्तेमाल करते हैं। इसका पूरा फायदा ऑटो चालक उठाते हैं। मनमाना किराया वसूलते हैं। ऐसे में बढ़ा किराया देना उनकी मजबूरी हो जाती है।

ई-रिक्शा वाले भी कम नहीं

ईधन की बढ़ती कीमतों का फायदा ई-रिक्शा वाले भी खूब उठा रहे हैं। भले ही इनका वाहन बिजली से रिचार्ज होने वाली बैटरी से चलता हो लेकिन उन्होंने भी अलग-अलग रूट पर किराया बढ़ा दिया है। बढ़ा किराया वसूलने पर तमाम यात्रियों की ई-रिक्शा चालकों से झड़प तक हो जाती है, लेकिन फिर भी चालक नहीं मानते हैं।

कम नहीं हुआ किराया

पिछले दो महीने में डीजल और पेट्रोल की कीमतों में कई बार बढ़ोत्तरी हुई। केन्द्र सरकार ने इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए डीजल और पेट्रोल की कीमत में कमी कर दिया। हालांकि इसका असर किराये पर नहीं पड़ा और चालक मनमाने तरीके से किराया वसूल रहे हैं। चालकों का कहना है कि जिस हिसाब से दामों में बढ़ोत्तरी की गई उस हिसाब से कमी नहीं की तो फिर किराया कैसे कम करें?

इस तरह बढ़ा किराया (रुपये में)

प्लेस पहले अब

कैंट-रथयात्रा 10 12

कैंट-लंका 20 25

कैंट-कचहरी 10 15

कैंट-कलक्ट्री फार्म 15 20

चौकाघाट-पांडेयपुर 10 12

कैंट-मैदागिन 12 15

कैंट-गोदौलिया 15 20

चौकाघाट-मैदागिन 12 15

भोजूबीर-हरहुआ 15 20

भोजूबीर-बाबतपुर 20 25

ईधन के दामों में बढ़ोत्तरी हुई तो ऑटो वालों ने किराया बढ़ा दिया। अब कीमतों में कमी होने पर किराया कम नहीं कर रहे हैं। यह यात्रियों के साथ धोखाधड़ी है।

आशुतोष शुक्ला, कबीरचौरा

ऑटो के किराया का स्थानीय प्रशासन की ओर से नियंत्रण नहीं किया जा रहा है। इससे चालक बेलगाम हैं। प्रशासन व परिवहन विभाग को ध्यान देना चाहिए।

राजू पाल, गोदौलिया

ईधन के दाम थोड़ी बढ़ोत्तरी की तो ऑटो वालों ने दो से पांच रुपये तक किराया बढ़ा दिया। इसपर जिला प्रशासन को ध्यान देते हुए किराए में कमी करनी चाहिए।

सौरभ दूबे, सिगरा

ऑटो व मैजिक चालकों ने मनमाना किराया बढ़ा दिया है। डेली यात्रा करने वालों पर इसकी खासी मार पड़ी है। इसपर लगाम लगना चाहिए।

अजय चौबे, नटिनिया दाई

Posted By: Inextlive