patna@inext.co.in

PATNA: पारिवारिक जमीन की रजिस्ट्री कराना अब आसान और सस्ता हो गया है। शनिवार से आप 100 रुपए में रजिस्ट्री करा सकते हैं। इसमें 50 रुपए का स्टांप और रजिस्ट्री के तौर पर 50 रुपए देने होंगे। राज्य कैबिनेट ने मंगलवार को इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। शुक्रवार को निबंधन विभाग ने इसे प्रभावी करने के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने बताया कि यह तुरंत प्रभाव से लागू होगा। यानी शनिवार से आम लोग 50 रुपए के स्टांप पर पारिवारिक जमीन के बंटवारे की रजिस्ट्री करा सकते हैं।

पहले ली जाती थी भारी फीस

पहले लोगों को पारिवारिक बंटवारे में जमीन की कुल कीमत का 5 फीसदी राशि रजिस्ट्री कराते वक्त देनी पड़ती थी। यह राशि एरिया के न्यूनतम वैल्यू पंजी के आधार पर तय होती थी। इस वजह से रजिस्ट्री की कीमत बढ़ जाती थी। खर्च से बचने की वजह से जमीन का विधिवत बंटवारा बहुत कम लोग कराते थे। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के आंकड़े बताते हैं कि अधिकतर आपराधिक घटनाओं के पीछे जमीन विवाद होता है। बंटवारे के बाद जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए लोगों को भारी खर्च करना पड़ता है। इस वजह से लोग पारिवारिक जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराते हैं। जो बाद में चल कर बड़े विवाद का कारण बन जाती है।

लोगों को मिलेगी राहत

पारिवारिक बंटवारे की रजिस्ट्री में टोकन शुल्क होने पर लोगों को आधिकारिक प्रक्रिया का पालन करने में भी परेशानी नहीं होगी। इससे भूमि विवाद का मामला कम हो जाएगा।

Posted By: Inextlive