RANCHI: कांके के अरसंडे में एक ही परिवार के सात मेंबर्स की मर्डर व सुसाइड मामले में पुलिस रिमांड पर आए किसलय मिश्रा ने नया खुलासा किया है। कहा है कि वह जिस कंपनी में काम करता था और वहां से उसने जिन दो लोगों से पैसे उठाकर कस्टमर्स को जाली रसीद दिए थे। वो पैसे उसने दीपक झा को दे दिए थे। उसने बताया कि तिलैया वाले व्यवसायी उपेंद्र बाधवानी से एक लाख 45 हजार रुपए का गबन किया था, जिसमें से 70 हजार रुपए दीपक को दिए थे। जबकि गढ़वा के अमृता अग्रवाल के दो लाख 62 हजार, 203 रुपए भी उसने दीपक को ही दे दिए थे। किसलय से तीन घंटे पूछताछ हुई। सुसाइड नोट के आधार पर भी सवाल किए गए। वह सभी के जवाब देता गया। इसके बाद उसे फिर से हाजत में बंद कर दिया गया। पूछताछ में सिटी डीएसपी राजकुमार मेहता, मुख्यालय वन डीएसपी अमित कुमार कच्छप, कांके थानेदार राजीव रंजन मौजूद थे।

कंपनी खोलना चाहता था दीपक

किसलय ने कहा कि अधिक पैसे कमाने की चाहत दीपक झा में थी। उसने मुझसे इसका रास्ता पूछा था। मैंने कहा था कि उसे एक कंपनी खोलनी चाहिए। इसके लिए वह वेल्थ इंश्योरेंस जैसे काम को प्रमुखता देने लगा था। उसने यह भी बताया कि उसे कर्ज लेकर लोगों के पैसे खाने की आदत थी, लेकिन जब उसे चुकाने की बात की जाती थी, तो वह मुकर जाता था। वह कर्जदारों से बचने के लिए छिपता रहता था।

रात को दवा खाकर सो गया था किसलय

मंगलवार को रिमांड पर उसे देर शाम सात बजे लाया गया था। सात बजे आने के बाद पुलिस अधिकारी उससे पूछताछ करते कि वह सो गया। सोने के बाद उसे हाजत से नहीं उठाया गया।

कंपनी मालिक से सेल्समैन बना किसलय

किसलय मिश्रा ने कहा कि जमशेदपुर में उसकी कंपनी चलती थी। वह उसका मालिक था। करोड़ों में खेलता था। उसके पास ऐशो आराम की सारी चीजें मौजूद थीं। लेकिन, उसके पिता विजय नारायण मिश्रा उसके बहनोई नवीन तिवारी को कंपनी में ले आए। बगैर पूछे उसके पिता ने कंपनी के हिसाब-किताब की जिम्मेवारी नवीन तिवारी को दे दी। उसने जब विरोध किया तो उसके पिता ने उसे कंपनी से निकाल दिया। तब वह अपने वर्कर के साथ कंपनी से निकल गया था। इसके बाद कंपनी बंद हो गई थी और वह नौकरी की तलाश में रांची आ गया था। यहां उसे सेल्समैन की नौकरी मिली थी।

मैनेजर दीपक मारता था भाव, बाद में बना दोस्त

उसने कहा कि जब उसने प्रदीप जैन की कंपनी में काम करना शुरू कर दिया तो उस वक्त दीपक सेल्स मैनेजर, स्टोर मैनेजर समेत कई चीजों का मैनेजर था। उस वक्त वह उसके साथ अच्छा बर्ताव नहीं करता था। जब उसे मुझसे फायदा होने लगा तो दोस्त बन गया। उसने बताया कि वह एक माह तक उसके घर पर भी रहा था।

हार्ट व घुटने का ऑपरेशन कराया है किसलय ने

किसलय मिश्रा बीमार रहता है। उसने अपनी हार्ट और घुटने का ऑपरेशन भी कराया है। उसे ब्लड प्रेशर की भी बीमारी है। वह शराब, सिगरेट और भांग का ज्यादा सेवन करता है।

Posted By: Inextlive