- चकबस्त कोठी भूमि पर बनेगा 64 करोड़ की लागत से नगर निगम का नया मुख्यालय

- नगर विकास मंत्री आजम खां ने रखी आधार शिला

LUCKNOW: चकबस्त भूमि पर संडे को नगर विकास मंत्री आजम खां ने नगर निगम के नये मुख्यालय के साथ चार ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्टों की भी आधार शिला रखी। जिसे 579 करोड़ की लागत से पूरा किया जाएगा। वहीं यहां पर डबल स्टोरी अंडरग्राउंड पार्किंग के साथ 7 मंजिला नये मुख्यालय का निर्माण कराया जाएगा।

फंड की नहीं होगी कमी

चकबस्त रोड पर नगर विकास मंत्री आजम खां ने 64 करोड़ की लागत बनने वाले नगर निगम मुख्यालय की नयी बिल्डिंग की आधार शिला रखी। उन्होंने कार्यक्रम में नगर आयुक्त उदय राज सिंह के कार्यो की तारीफ करते हुए वादा किया कि परियोजनाओं में फंड की कमी नहीं आने देंगे। कहा कि नये प्रोजेक्टों के लिए और फंड दिया जाएगा। नगर आयुक्त ने मेट्रो के कास्टिंग यार्ड के पास 90 बीघे जमीन को खाली कराकर उसकी बाउंड्री कराने के लिए 5 करोड़ रुपए अवस्थापना निधि से देने के लिए आभार प्रकट किया। गौरतलब है कि निगम को चौक की इस जमीन को अवैध कब्जे से खाली कराने में बड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी। कार्यक्रम में नगर आयुक्त उदय राज सिंह ने इंक्रोचमेंट हटाकर जमीन पर नगर निगम का मुख्यालय बनाने की बात नगर विकास मंत्री के समक्ष भी रखी थी।

इनकी रखी गयी आधार शिला

- मुख्यालय में होगा स्मार्ट सिटी का कार्यालय

-डबल स्टोरी अंडरग्राउंड सात बहुमंजिला बिल्डिंग

- 5168 वर्ग मीटर में नया मुख्यालय का निर्माण

- भवन में चार लिफ्ट के साथ डबल स्टोरी बेसमेंट

खालसा में बनेंगे 721 फ्लैट

शहीद पथ स्थित औरंगाबाद खालसा में ग्रुप हाउसिंग के तहत फ्लैट बनाए जाएंगे। प्रोजेक्ट में कुल 721 फ्लैट बनाए जाएंगे। प्रोजेक्ट की कुल कास्ट 24376 लाख रुपए हैं। इनमें बीएचके के 393, टू बीएचके के 112, वन बीएचके के 168 फ्लैट बनाए जाएंगे। ऐसे ही ग्राम पारा में विभिन्न खसरा संख्या पर अलग अलग फ्लैट बनाए जा रहे हैं। ग्रुप हाउसिंग पर कुल 579 करोड़ खर्च किए जाएंगे।

पशु आश्रय को 9.4 करोड़

कान्हा पशु आश्रय योजना की शुरुआत की गयी है, जिसमें कानपुर रोड और इंदिरानगर में शेड लगवाए जाएंगे। पशुओं के लिए शेड व बायोडाइजेस्टर पर कानपुर रोड पर 4.50 करोड़ रुपए खर्च होंगे, वहीं जरहरा में 4.98 करोड़ रुपए पशु आश्रय के शेड लगवाने में खर्च होगें। इनमें पहली किश्त के रूप में 2 करोड़ रुपए दिया जा चुका हैं।

Posted By: Inextlive