नगरायुक्त के कार्यालय में पशु बांधने पर हंगामा

Meerut । शुक्रवार को भाकियू के नेतृत्व में किसानों ने नगर निगम में बेसहारा गोवंश को नगरायुक्त के कार्यालय में बांधने का प्रयास किया। इस दौरान कर्मचारियों ने विरोध किया तो किसानों ने हंगामा कर दिया। किसानों ने आरोप लगाया कि बेसहारा गोवंश उनकी फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। निगम से कई बार पशुओं को पकड़ने की गुहार लगाई जा चुकी है लेकिन निगम के कर्मचारी पशुओं को आश्रय केंद्रों तक नही लें जा रही है।

पशुओं के आश्रय के लिए हंगामा

भारतीय किसान यूनियन के किसान नेता विजय पाल घोपला के नेतृत्व में मुबारकपुर, कंचनपुर घोपला, गगोल, जैनपुर, रजपुरा समेत अन्य स्थानों के किसान बड़ी संख्या में नगर आयुक्त कार्यालय पहुंचे। नगर आयुक्त नहीं मिले तो कार्यालय में निराश्रित पशुओं को छोड़ दिया। इस दौरान किसानों ने कार्यालय में पशु बांधने का प्रयास किया तो कर्मचारी रोकने लगे जिसको लेकर हंगामा हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और किसानों से बात कर मामला शांत कराया। किसान नेता विजय पाल घोपला ने इस दौरान कई बार नगर आयुक्त को फोन मिलाया गया लेकिन उनका फोन नहीं उठा। इसके अलावा नगर निगम का कोई भी अधिकारी नहीं मिला।

सहारा दे रहे किसान

किसानों ने बताया कि गांवों में फसलों को बर्बाद कर रहे करीब 31 बेसहारा पशुओं को पकड़कर उन लोगों ने शताब्दी नगर के एक पार्क में रखा हुआ है। इन पशुओं के चारे की व्यवस्था भी खुद के खर्चे पर कर रहे हैं। करीब 20-25 हजार रूपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन निगम इन पशुओं को आश्रय केंद्र ले जाने की जहमत नही उठा रहा है। इसके विरोध में किसान देर शाम तक निगम परिसर में ही धरने पर बैठे रहे।

Posted By: Inextlive