मेजा के बलुहा गांव के पास झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ हादसा, नाराज ग्रामीणों ने हाईवे पर लगाया जाम

ALLAHABAD: मेजा के बलुहा (समहन) गांव स्थित रिश्तेदारी आए पिता व पुत्र की मंगलवार को हादसे में मौत हो गई। दोनों सुबह शौच के बाद टौंस नदी में स्नान कर पैदल रिश्तेदार के यहां लौट रहे थे। गांव के पास झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों को ट्रक ने टक्कर मार दिया। हादसे के बाद ट्रक छोड़ कर चालक फरार हो गया। आक्रोशित रिश्तेदारों ने राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझा कर शांत कराया। इसके बाद आवागमन बहा

बेटे संग रिश्तेदारी आया था मृतक

हंडिया थाना क्षेत्र के दुमदुमा गांव निवासी नेब्बू लाल निषाद (35) सोमवार पुत्र आर्यन निषाद (12) के साथ मेजा स्थित बलुहा (समहन) में रहने वाली साली राजशीला पत्नी स्व। अशोक कुमार निषाद के यहां आया था। सुबह करीब छह बजे रिश्तेदारों के साथ दोनों टौंस नदी के किनारे शौच के लिए गए थे। शौच व नदी में स्नान के बाद नेब्बू पुत्र के साथ साली के घर लौट रहा था। बलुहा गांव स्थित झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचते ही सामने से ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दिया। घटना के बाद ट्रक छोड़ कर चालक फरार हो गया। रिश्तेदारों ने दोनों को घायलावस्था में स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने थोड़ी ही देर में दोनों को मृत घोषित कर दिया। इससे नाराज उसके रिश्तेदारों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सिपाहियों संग पहुंचे चौकी इंचार्ज मेजा रोड संतोष कुमार सिंह ने लोगों को शांत कराते हुए जाम समाप्त कराया। मृतक नेब्बू के पिता राजपति निषाद ने ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है।

Posted By: Inextlive