गोदाम में धमाकों से फैली दहशत, एरिया में भगदड़

पुलिस ने बेलनगंज और घटिया चौराहे से रोक दिया ट्रैफिक

भीषण आग में कबाड़ कारोबारी का परिवार फंसा

आगरा। थाना कोतवाली स्थित धूलियागंज में शनिवार की शाम एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। थोड़ देर में गोदाम आग का गोला बन गया। ऊपर बने परिसर में परिवार फंस गया। किसी तरह सभी को छत के रास्ते निकाला जा सका। आग के दौरान कई धमाके हुए। एरिया में दहशत फैल गई। पुलिस को ट्रैफिक रोकना पड़ा। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पूरा गोदाम और घर जलकर खाक हो गया।

दूसरी मंजिल पर रहता है परिवार

सिटी स्टेशन रोड, बसंत सिनेमा के सामने अजय कुमार वर्मा का दो मंजिला मकान है। बेसमेंट, भूतल और पहली मंजिल पर उन्होंने कबाड़ गोदाम बना रखा है। दूसरे माले पर परिवार रहता है। गोदाम में पॉलीथिन, जूते के सोल और सोल्यूशन रखा हुआ था। शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम आग का गोला बन गया

घरों से बाहर लगाई दौड़

गोदाम के पीछे घनी बस्ती है। आग की लपटें देख कर बस्ती में दहशत फैल गई। लोगों ने घरों से बाहर दौड़ लगा दी। नीचे आग लगी थी और व्यापारी का परिवार फंसा हुआ था। ऊपर जाने के रास्ते में आग ही आग थी। व्यापारी की पत्नी, बेटी और चार साल के धेवते को पड़ोसियों ने छत के रास्ते से बाहर निकाला। सभी सकुशल हैं।

सबकुछ जलकर हुआ खाक

देखते ही देखते आग इतनी बढ़ गई कि देखने वालों की आंखें फटी रह गई। एक के बाद तीन-चार धमाकों ने दहशत फैला दी। सिलेंडर फटने की आशंका से लोगों के होश उड़ गए। सूचना पर आधा दर्जन दमकलें मौके पर पहुंच गई। दमकलों ने शाम सात बजे भीषण आग पर काबू पाया। गोदाम और मकान में सबकुछ जल कर खाक हो गया। लोगों का कहना था कि गोदाम अवैध रूप से बना हुआ है।

आग के दौरान ट्रैफिक रोक दिया

आग के दौरान धमके हो रहे थे। पुलिस ने घटिया तिराहे और बेलनगंज की तरफ से आने वाला ट्रैफिक रोक दिया। वाहनों को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट कर दिया। आस-पास की बस्तियों से भारी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। चारों तरफ काला धुंआ छाया हुआ था। मकान की खिड़कियों से आग बाहर निकल रही थी। धमाके हो रहे थे। इस कारण पड़ोसी भी दहशत में आ गए। उनके मकान की दीवारें भट्टी की तरह तपने लगीं। सभी को यह डर सता रहा था कि आग उनके घर तक न पहुंच जाए।

आग से निपटने को नहीं थे इंतजाम

रिहाइशी एरिया में कबाड़ गोदाम है। लेकिन इसकी जानकारी न तो पुलिस को थी और नहीं फायर ब्रिगेड को। गोदाम में आग से निपटने के कोई इंतजाम नहीं थे। सीओ कोतवाली अब्दुल कादिर के मुताबिक गोदाम मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अवैध गोदाम के कारण इलाके में कई लोगों की जान जोखिम में आ सकती थी। गोदाम अवैध बताया जा रहा है। फायर ब्रिगेड की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

सोल्यूशन के ड्रम के हुए थे धमाके

लोगों को लगा था कि सिलेंडर के धमाके हैं लेकिन एफएसओ राजेश के मुताबिक कबाड़ गोदाम में आग के दौरान गैस सिलेंडर में धमाका नहीं हुआ था। गैस सिलेंडर सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए थे। बेसमेंट सोल्यूशन के ड्रम रखे थे। उनमें विस्फोट हुआ था। गोदाम में प्लास्टिक का सामान, सोल और सॉल्यूशन के ड्रम थे। सभी कुछ ज्वलनशील है। इस कारण आग ने विकराल रूप धारण किया। लगभग ढाई घंटे में आग बुझा ली गई थी। आग के बाद भी लोगों के अंदर दहशत बनी हुई थी।

Posted By: Inextlive