GORAKHPUR: रास्ते में खड़ी बाइक हटाने के विवाद में बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। घटना शनिवार की रात खोराबार एरिया के महुई सुघरपुर, प्रयागपुरम कॉलोनी में हुई। गंभीर हाल युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करके पुलिस छानबीन में जुटी है। प्रयागपुरम मोहल्ला निवासी अरुण गुप्ता अपने भाई संग टीपी नगर में कारोबार करते हैं। शनिवार शाम अपने भाई और भतीजे संग कार से नौका विहार घूमने चले गए। रात में करीब साढ़े 11 बजे घर लौट रहे थे। घर से थोड़ी दूर स्थित मैरेज हॉल में शादी समारोह चल रहा था। वहां रास्ते में कुछ लोगों ने बाइक खड़ी कर दी थी। कार ले जाने के लिए बाइक हटाने की बात पर कहासुनी हो गई। इससे गुस्साए युवकों ने तमंचा निकालकर फायर झोंक दिया। गोली से अरुण घूम गए जिससे उनकी पीठ में जाकर धंस गई। गोली चलने से भगदड़ मच गई। आनन-फानन में अरुण को अस्पताल पहुंचाया गया। खोराबार पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Posted By: Inextlive