- कन्याकुमारी से कश्मीर तक जा रही पद यात्रा 7 जनवरी को शहर आएगी

- चार दिन तक सिटी मे रहेगी यात्रा, 12 को मुख्यमंत्री भी करेंगे पदयात्रा

KANPUR : कन्याकुमारी से कश्मीर तक जा रही आशा यात्रा के नगर आगमन के मौके पर शहर में सद्भावना उत्सव मनाया जाएगा। अध्यात्मिक गुरु श्रीएम के नेतृत्व में आशा यात्रा 7 दिसम्बर को सिटी में आ रही। चार दिन तक यह यात्रा यहां रहेगी। इस दौरान कई कार्यक्रम होंगे। यात्रा में शिरकत करने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भी आने की सहमति मिल चुकी है।

आशा यात्रा के बारे में डीएम कौशलराज शर्मा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि श्रीएम के नेतृत्व और मानव एकता मिशन द्वारा संचालित आशा यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा है। देश को भावी पीढ़ी के हवाले करने, देश की पूर्व प्रतिष्ठा व स्वाभाविक-आध्यात्मिकता को पुन: स्थापित कर पाना और आपसी सद्भाव बनाना इस यात्रा का उद्देश्य है।

आशा यात्रा 12 जनवरी 2015 को कन्याकुमारी से रवाना हुई थी। अब तक यह यात्रा तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश को क्रास कर चुकी है। यात्रा में करीब 150 लोग साथ चल रहे हैं। इस वक्त यात्रा उत्तर प्रदेश में भ्रमण कर रही है। 7 जनवरी को यात्रा शहर में प्रवेश करेगी।

सभी धर्म के लोग होंगे पदयात्रा में

आशा यात्रा का जो शहर में कार्यक्रम है। उसके मुताबिक 7 जनवरी को यात्रा में शामिल सदस्य एक्सिस कॉलेज रूमा में विश्राम करेगी। अगले दिन यानी 8 जनवरी को सुबह कॉलेज के स्टूडेंट्स के साथ रामादेवी तक पदयात्रा, 9 जनवरी को नानाराव पार्क से पदयात्रा शुरू होकर बिरहानारोड, घंटाघर, हालसीरोड, मूलगंज, बड़ाचौराहा, परेड, चुन्नीगंज, पी रोड, 80 फिट रोड, गुमटी गुरुद्वारा, कोकाकोला चौराहा होते हुए जेके मंदिर तक जाएगी। इस पद यात्रा का जगह-जगह विभिन्न धर्मो के लोगों द्वारा स्वागत किया जाएगा। स्वागत के बाद स्वागत करने वाले लोग पदयात्रा में शामिल होते जाएंगे। जेके मंदिर तक यात्रा पहुंचने तक हर धर्म के लोग इस यात्रा में होंगे।

ग्रीन पार्क में होगा समारोह, सीएम आएंगे

10 जनवरी को रागेन्द्र स्वरूप ऑडिटोरियम में कानपुराइट्स के साथ श्रीएम जनसंवाद करेंगे। 11 जनवरी को भी सुबह ग‌र्ल्स कॉलेज में और दोपहर में यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद होगा। सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम 12 जनवरी को है। सुबह फूलबाग स्थित केईएम हाल से पदयात्रा शुरू होकर ग्रीन पार्क स्टेडियम पहुंचेगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी यहां पदयात्रा में शामिल होने को सहमति दे दी है। ग्रीन पार्क में आशा यात्रा के एक साल पूरे होने का समारोह होगा। जिसे श्रीएम व मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। 13 जनवरी को आशा यात्रा को शहर से विदाई दी जाएगी।

पदयात्रा मार्ग पर होंगे कार्यक्रम

डीएम कौशलराज शर्मा ने यह भी बताया कि आशा यात्रा के आगमन का प्रचार प्रसार बड़े स्तर पर शनिवार से शुरू कर दिया जाएगा। पदयात्रा मार्ग में करीब 15 स्थानों पर स्टेज बनेंगे। जहां देश भक्ति व सदभावना के कार्यक्रम होंगे। यात्रा आने के दो दिन पूर्व यानी 5 जनवरी से शहर में विभिन्न स्थानों पर लाउडस्पीकर पर देशभक्ति गीतों के प्रसारण से माहौल बनाया जाएगा।

Posted By: Inextlive